चंडीगढ़ः नगर निगम की बैठक में जमकर हंगामा, मेयर से अभद्र टिप्पणी पर कैंथ को मार्शल ने बाहर निकाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक में शुक्रवार को खूब हंगामा हुआ। मेयर राजेश कालिया और कांग्रेसी पार्षद सतीश कैंथ में जमकर बहस हुई। इसी बीच सतीश कैंथ ने मेयर पर अभद्र टिप्पणी कर डाली, जिसस माहौल गर्मा गया।
नतीजतन सतीश कैंथ को एक दिन के लिए सदन से सस्पेंड कर दिया गया। सदन की बैठक शुरू होते ही सतीश कैंथ ने नगर निगम में प्रमोशन में गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तीन साल के नियमों को दरकिनार कर अपने चहेतों को प्रमोशन दिया जा रहा है।
वहीं कुछ जेई का तो एक साल में कई कई बार ट्रांसफर किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मेयर के खिलाफ शिकायत करने वाले जेई का भी ट्रांसफर कर दिया, जबकि इसकी जांच प्रशासन में चल रही है। इसके लिए जेई ने निगम को लीगल नोटिस भी दिया है। आरोपों पर मेयर ने कहा कि इस तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है।
जेई कैंथ के क्षेत्र का है, जो हर जगह शिकायत कर रहा है। साथ ही जिन जेई के सिग्नेचर शिकायती पत्र पर हैं, उन्होंने ने खुद स्वीकार किया है कि हमने सिग्नेचर नहीं किए। कमिश्नर केके यादव ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि तीन साल का कोई नियम नहीं है। यदि किसी को गलत तरीके से प्रमोशन दिया है तो जानकारी दें।
इसके बाद विवाद बढ़ा तो मेयर और कैंथ के बीच तीखी झड़प होने लगी। इसी बीच कैंथ ने मेयर के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर डाली। इस पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ। वार्ड नंबर आठ से भाजपा पार्षद अरुण सूद इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निंदा प्रस्ताव लाए और इसके बाद कैंथ को एक दिन के लिए सदन से सस्पेंड कर दिया गया।
मामा भांजे का रिश्ता नहीं जेई से
मेयर ने कहा कि जेई कैंथ के क्षेत्र का है इसलिए वह वकील बनकर सदन में आए हैं। कैंथ ने कहा कि मामा भांजे की तरह मेरा जेई से कोई रिश्ता नहीं है। मेयर ने तत्काल जवाब दिया कि गलती करने पर मामा को झप्पियां नहीं पाईं, उसे सस्पेंड कराया है। मेयर ने कहा कि मैं तीन महीने जेल में रहकर आने वाला मेयर नहीं हूं। इसी के बाद विवाद और बढ़ गया।
कैंथ ने बाहर जाने से किया इनकार तो मेयर ने बुलाए मार्शल
अपने सस्पेंशन का विरोध करते हुए कैंथ ने मेयर को खरी खरी सुनाई और बाहर जाने से इनकार कर दिया। इस पर मेयर ने मार्शल को निर्देश दिए कि वह तत्काल कैंथ को सदन से बाहर कर दें। इस पर कांग्रेसी पार्षदों ने विरोध भी जताया। लेकिन मार्शल्स ने कैंथ को बाहर कर दिया।
कैंथ की तरफ से मैं माफी मांगता हूं: बबला
सदन में देवेंद्र सिंह बबला ने सस्पेंशन का विरोध करते हुए कहा कि मैं मानता हूं, कैंथ ने आज कुछ ज्यादा ही बोल दिया है। उनकी तरफ से मैं माफी मांगता हूं। मेयर को बड़ा दिल करके कैंथ को वापस बुला लेना चाहिए। हमारे साथी के साथ गलत हुआ है। इसलिए मैं और गुरुबख्श रावत भी सदन छोड़ रहे हैं। हालांकि भाजपा पार्षदों के निवेदन के बाद बबला और रावत सदन से नहीं गए।
मेयर बोले-वापस बुलाओ, कैंथ ने बबला का ही फोन नहीं उठाया
बैठक से बाहर निकलने के बाद सतीश कैंथ नगर निगम से चले गए। बबला और गुरुबख्श रावत के बार बार कहने व भाजपा पार्षद अनिल दुबे के अनुरोध पर मेयर ने कहा कि चलो ठीक है, कैंथ को वापस बुला लो। उसके बाद बबला ने कैंथ को फोन किया लेकिन कैंथ ने फोन ही नहीं उठाया और अपने घर चले गए।