Punjab: रेवाड़ी के छात्र की पंजाब में हत्या, आईफोन व 15 हजार रुपये में गई जान, अपने ही निकले 'कातिल'
मृतक के पिता संदीप कुमार ने बताया कि वह हरियाणा का रहने वाला है और दुकानों पर डिस्पोजल, मसाले बेचकर अपने घर का गुजर बसर कर रहा है। उसके बेटे की उम्र करीब 22 वर्ष थी। वह मंडी गोबिंदगढ़ में बी-फार्मेसी कर रहा था। वह परीक्षा देने 22 अक्तूबर 2023 को मंडी गोबिंदगढ़ आया था।
विस्तार
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में 15 हजार रुपये और आईफोन की खातिर दो दोस्तों ने एक छात्र की हत्या कर दी। मृतक छात्र हरियाणा के रेवाड़ी जिले का रहने वाला था और मंडी गोबिंदगढ़ के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ रहा था। दोनों दोस्तों ने नशीला पदार्थ खिलाने के बाद छात्र को नहर में फेंक दिया। आरोपी दोस्तों ने वारदात को सिर्फ एक आईफोन, सैमसंग का महंगा मोबाइल और करीब 15 हजार रुपये की नकदी हथियाने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया।
मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस ने दोनों दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान नवदीप यादव पुत्र संदीप कुमार निवासी गांव दाहिना, थाना खोल जिला रेवाड़ी के तौर पर हुई है। जबकि आरोपियों की पहचान अजय कुमार निवासी गांधीनगर और मनप्रीत सिंह निवासी सुभाष नगर मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई है।
परीक्षा देने आया था छात्र
मृतक के पिता संदीप कुमार ने बताया कि वह हरियाणा का रहने वाला है और दुकानों पर डिस्पोजल, मसाले बेचकर अपने घर का गुजर बसर कर रहा है। उसके बेटे की उम्र करीब 22 वर्ष थी। वह मंडी गोबिंदगढ़ में बी-फार्मेसी कर रहा था। वह परीक्षा देने 22 अक्तूबर 2023 को मंडी गोबिंदगढ़ आया था। वह आठ दिसंबर से लापता चल रहा था।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पिता ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना 13 दिसंबर को पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई। इसके बाद बेटे की तलाश में कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक सीसीटीवी फुटेज में उसके दोस्त कपड़े में कुछ लपेटकर स्कूटी से ले जाते दिखे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अजय सिंह और मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
खनौरी हेड में मिली लाश
पिता ने बताया कि बेटे के पास एक आईफोन और एक सैमसंग का महंगा फोन व 15000 रुपये की नकदी थी। बेटे नवदीप के दोस्त अजय सिंह और मनप्रीत सिंह उसे अपने घर ले गए और रात में जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी। नौ दिसंबर को नवदीप की लाश को एक स्कूटी से ले जाकर सरहिंद नहर के सौंढ़ा हेड पर फेंक दिया। एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि मृतक की लाश खनौरी हेड से बरामद कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।