हरियाणा: एनएचएम में स्टाफ की कमी, दो माह से अटकी 671 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों की भर्ती
कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पद के लिए बीएससी नर्सिंग और 6 माह का कम्युनिटी हेल्थ सर्टिफिकेट जरूरी है। इनकी ड्यूटी गांवों में स्थापित सब सेंटर पर होती है। किसी भी बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने से लेकर मरीजों की सेवाओं की जिम्मेदारी इन पर होती है।
विस्तार
कोरोना महामारी से लड़ने में जहां एक तरफ हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के पास स्टाफ कम पड़ रहा है, वहीं नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा 671 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएमओ) की भर्ती का परिणाम रोके बैठा है। तमाम प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विभाग की ओर से अभी तक फाइनल लिस्ट जारी नहीं की गई है। इस भर्ती के इंतजार में सैकड़ों युवा आस लगाए बैठे हैं। विभाग के पास ठोस जवाब नहीं है कि आखिर फाइनल लिस्ट कब जारी होगी।
स्टाफ की कमी और कोरोना से लड़ने के लिए एनएचएम की तरफ से 28 दिसंबर, 2020 को अलग-अलग श्रेणी के सीएचओ की 671 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इसके लिए हरियाणा के साथ ही दूसरे प्रदेशों के करीब 7 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। एनएचएम की ओर से 7 मार्च को लिखित परीक्षा कराई गई। परीक्षा पास करने वाले करीब 550 युवाओं को मिशन की ओर से डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया। 18 व 19 को इनके दस्तावेजों की जांच की गई। कहा गया कि 22 मार्च को ज्वाइनिंग कराई जाएगी।
एनएचएम की ओर से वेटिंग लिस्ट के युवाओं को भी मौका दिया गया। यह कहते हुए मिशन ने आगामी आदेशों तक ज्वाइनिंग स्थगित दी। बताया गया कि फाइनल लिस्ट बाद में जारी की जाएगी। लेकिन दो माह बीत जाने पर भी फाइनल लिस्ट नहीं बन पाई है।
ज्वाइनिंग तो क्या कोई सूचना तक नहीं दे रहा
इसके भरोसे कई लोगों ने छोड़ी नौकरी
लिखित परीक्षा का परिणाम जारी करने के बाद हमारे दस्तावेज भी चेक कर लिए गए और कहा गया कि आपका चयन हो गया है। अभी मैं असम में नौकरी कर रहा हूं, उलझन बनी हुई है कि यहां नौकरी करूं या छोडूं। हमारे कई साथी इस नौकरी के भरोसे अपनी पहली नौकरी छोड़ बैठे हैं। -दीपक यादव, आवेदक।
अभी रिजल्ट तैयार नहीं हुआ :कोर्डिनेटर
स्टेट एनजीओ के कोआर्डिनेटर सीएस मदान ने कहा कि अभी पूरा स्टाफ कोविड को लेकर व्यस्त है। इसके चलते अभी तक परिणाम तैयार नहीं हुआ है। हमने फाइल हॉयर अथॉरिटी को भेजी हुई है। अंडर रिव्यू है, जैसे ही परिणाम तैयार होगा, जारी कर दिया जाएगा।