हरियाणाः गन्नौर-राजलूगढ़ी के बीच रेलवे लाइन टूटी, बड़ा हादसा टला, 3 घंटे रुकी रहीं 6 ट्रेनें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गन्नौर और राजलूगढ़ी रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह रेल लाइन टूटने से हादसा होने से बच गया। गैंगमैन कृष्ण कुमार ने पेट्रोलिंग करते हुए टूटी हुई पटरी को देख लिया और तुरंत गन्नौर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन संचालन रोक दिया गया।
तीन घंटे तक छह एक्सप्रेस ट्रेनों को गन्नौर, भोड़वाल माजारी समेत कई स्टेशनों पर रोका गया। झेलम एक्सप्रेस में सवार यात्रियों ने भोड़वाल माजरी स्टेशन पर ट्रेन लेट होने पर हंगामा कर दिया, जिन्हें रेल अधिकारियों ने शांत किया। ट्रैक का टूटा पांच फुट का टुकड़ा बदलने के बाद ही ट्रेनों को रवाना किया जा सका।
गन्नौर-राजलूगढ़ी के बीच रेलवे लाइन को गैंगमैन कृष्ण कुमार गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चेक कर रहे थे। इस दौरान उन्हें डाउन ट्रैक पर लाइन क्रेक मिली। मामले की सूचना गन्नौर स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद गन्नौर, भोड़वाल माजरी सहित कई अन्य स्टेशनों पर दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया।
ट्रेनों को रोके जाने से गन्नौर से दिल्ली की ओर सभी स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा तो भोड़वाल माजरी स्टेशन पर झेलम एक्सप्रेस में सवार यात्रियों ने हंगामा कर दिया। यात्रियों को किसी तरह शांत किया गया और स्टेशन मास्टर ने ट्रेन को गन्नौर की तरफ रवाना किया। इसके बाद ट्रेन गन्नौर के आउटर पर खड़ी रही।
रेलवे लाइन क्रेक होने के बाद जनशताब्दी (12058) को दीवाना स्टेशन पर 25 मिनट तक रोका गया। नई दिल्ली शताब्दी (12014) समालखा में 15 मिनट तक खड़ी रही। श्रीशक्ति एक्सप्रेस (22462) को गन्नौर में 20 मिनट तक रोके रखा गया। वहीं झेलम एक्सप्रेस (11078) पहले समालखा में 25 मिनट खड़ी रही, उसके बाद भोड़वाल माजरी में 40 मिनट तक रोका गया।
यहां पर यात्रियों के गुस्से को देखते हुए उसे गन्नौर की तरफ रवाना कर दिया, लेकिन पहले गन्नौर आउटर पर करीब 30 मिनट तक रोका। वहीं 64536 पैसेंजर ट्रेन को पानीपत स्टेशन से ही 40 मिनट की देरी से रवाना किया गया। बठिंडा एक्सप्रेस (14732) भी 40 मिनट देरी से चली।
गन्नौर-राजलूगढ़ी के बीच गैंगमैन कृष्ण कुमार को पेट्रोलिंग करते वक्त रेलवे लाइन क्रेक हुई मिली थी। रेलवे लाइन क्रेक होने से ट्रेनों को गन्नौर, भोड़वाल माजरी, दीवाना, पानीपत, समालखा स्टेशनों पर रोका गया। तीन घंटे बाद लाइन को बदलकर ट्रेनों को दिल्ली की ओर रवाना किया गया। -अजीत कुमार, पीडब्ल्यूआई