Punjab: फरीदकोट के पूर्व विधायक दीप मल्होत्रा के घर IT की रेड, दिल्ली शराब घोटाले में बेटा हो चुका है गिरफ्तार
दीप मल्होत्रा के आवास व दफ्तर में आयकर अधिकारियों द्वारा छानबीन की जा रही है। कुछ समय पहले दिल्ली के शराब घोटाले में दीप मल्होत्रा के बेटे की गिरफ्तारी हो चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के शराब घोटाले से चर्चा में आए फरीदकोट के पूर्व शिअद विधायक व शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा के ठिकानों पर गुरुवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने छापे मारे। विभाग की कई टीमों ने एक साथ मल्होत्रा के आवास, दफ्तर समेत उनकी शराब कंपनी में हिस्सेदारों के घर पर रेड कर दस्तावेजों की जांच की।
सुबह करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम जारी रही। टीमों को जांच में क्या-क्या मिला, अभी इस बारे में आयकर विभाग की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार आयकर टीम ने विभाग ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। दीप मल्होत्रा का बिजनेस पंजाब से लेकर मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है।
साल 2012 में वह फरीदकोट क्षेत्र से शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर विधायक चुने गए थे। हालांकि, इन दिनों वह राजनीतिक तौर पर सक्रिय नहीं हैं लेकिन अब उनकी नजदीकी आम आदमी पार्टी से बढ़ गई है। दिल्ली के शराब घोटाले में उनकी कंपनी का नाम आया है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी पिछले साल सात अक्तूबर में फरीदकोट में उनके आवास पर छापा मार कर दस्तावेज जब्त किए थे। इस कार्रवाई के चार माह बाद ही इसी साल नौ फरवरी को ईडी ने दीप मल्होत्रा के बेटे गौतम मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया था।
ईडी की कार्रवाई के बाद अब आयकर विभाग ने गुरुवार को दीप मल्होत्रा व उनकी शराब कंपनी से जुड़े हिस्सेदार राकेश गर्ग हैप्पी समेत अन्य के ठिकानों पर जांच की। पंजाब के जीरा स्थित जिस शराब फैक्ट्री को लेकर कई महीनों से आंदोलन चल रहा है, वह फैक्ट्री भी दीप मल्होत्रा के परिवार की ही है। इसके सीईओ पवन बंसल के घर पर भी जांच हुई है।