'राहुल गांधी, कैप्टन अमरिंदर और नवजोत सिद्धू हैं चले हुए कारतूस'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू को चले हुए कारतूस करार दिया है। उनका दावा है कि विस चुनाव में जनता कांग्रेस और इन नेताओं को मुंह नहीं लगाएगी।
इनका राजनीतिक अस्तित्व इन चुनावों तक ही है। चुनाव के नतीजे अकाली भाजपा के हक में आने के बाद यह ढूंढे भी नहीं मिलेंगे। सुखबीर बुधवार को लुधियाना से खरड़ तक बनने वाले एक्सप्रेस हाईवे के भूमि पूजन समारोह में हिस्सा लेने आए थे। सुखबीर ने दावा किया कि यह नेता पंजाब की राजनीति में कोई असर नहीं डाल सकते।
सुखबीर ने कहा कि 2014 में कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संसदीय चुनाव में इतिहास की सबसे बड़ी हार पाई थी। इसी तरह कैप्टन के पांच साल के कार्यकाल को भी लोग भूले नहीं है।
कैप्टन ने लोगों का कल्याण तो क्या करना था, अकाली भाजपा सरकार की कल्याण स्कीमों तक को बंद कर दिया था। कैप्टन एक तरफ कहते हैं कि सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ करेंगे, जबकि दूसरी तरफ पीएम के पास कर्ज माफी की फरियाद कर रहे हैं।
पंजाब का किसान जानता है कि कैप्टन झूठ बोल कर उनको गुमराह कर रहे हैं। बादल बोले कि जब सिद्धू को किसी ने मुंह नहीं लगाया तो वह कांग्रेस में चले गए। जिनको अन्य दल टिकट नहीं दे रहे, उनको कांग्रेस में शामिल किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम बोले कि यदि तीसरी बार सरकार बनी तो अगले पांच साल में सूबे के सभी 12 हजार गांवों में सीवरेज, शुद्ध जल और सोलर लाइटें लगवा दी जाएंगी। बादल ने दावा किया कि विस चुनाव में वर्ष 2012 से भी अधिक सीट गठबंधन हासिल करेगा। आम आदमी पार्टी को छह से सात सीट ही मिलेंगी और कांग्रेसियों की जमानत जब्त होंगी।
कांग्रेस में जाकर फटेंगे शिअद के मुजाहिदीन : सुखबीर
सुखबीर ने लुधियाना खरड़ एक्सप्रेस वे के अलावा सिंधवा नहर लाडोवाल बाईपास प्रोजेक्ट के भूमि पूजन में भी हिस्सा लिया। यह बाईपास 392 करोड़ की लागत से पूरा होगा।
कांग्रेस में जाकर फटेंगे शिअद के मुजाहिदीन : सुखबीर
हलका आत्मनगर से शिअद उम्मीदवार गुरमीत कुलार के निवास पर पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर ने दावा किया कि अगली सरकार भी अकाली भाजपा की ही बनेगी। शिअद छोड़ कर कांग्रेस में जा रहे नेताओं के बारे में सुखबीर ने कहा कि शिअद के मुजाहिदीन कांग्रेस में जाकर फटेंगे।
सुखबीर बोले कि जो इंसान पार्टी की पीठ में छुरा घोंपता है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोक इंसाफ पार्टी के गढ़ और सिमरजीत सिंह बैंस के हलके में सुखबीर ने तंज कसा कि कुछ लोग गुंडागर्दी और बदमाशी से चुनाव जीतना चाहते हैं, लेकिन शिअद प्यार और शांति से चुनाव लड़ती है।
इस अवसर पर सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, दर्शन सिंह शिवालिक, रंजीत सिंह ढिल्लों, मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया, डीसी रवि भगत, सीपी जतिंदर सिंह औलख और राहुल तिवारी मौजूद रहे।