नवजोत सिद्धू अभी भी कैप्टन सरकार में 'बिजली मंत्री', यकीन नहीं तो यहां देख लीजिए
नवजोत सिद्धू को मंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ-साथ सरकारी आवास खाली किए लंबा अर्सा हो गया लेकिन अभी तक पंजाब विधानसभा की वेबसाइट को अपडेट नहीं किया गया है। सिद्धू अब भी कैप्टन अमरिंदर सिंह के ‘पावर’ मंत्री हैं। पंजाब विधानसभा की वेबसाइट अब भी उन्हें 'पावर मंत्री' बता रही है। यहां तक कि उनका सरकारी आवास भी चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कोठी नं. 42 बताया जा रहा है।
मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से सिद्धू सियासी हाशिये पर चले गए थे। इसके बाद से वह बिल्कुल शांत थे। करतारपुर कॉरीडोर के उद्घाटन अवसर पर पाकिस्तान में तो नवजोत सिंह सिद्धू खूब गरजे लेकिन सुल्तानपुर लोधी में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर जहां सूबा सरकार पूरे मंत्रिमंडल के साथ मौजूद रहीं तो वहीं नवजोत सिद्धू न तो सरकार के कार्यक्रम में शामिल हुए और न ही गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में नतमस्तक होने के लिए पहुंचे।हालांकि सिद्धू अमृतसर के पूर्वी विधान सभा क्षेत्र में वेरका में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब श्री नानकसर में नतमस्तक हुए।
अपने कुछ साथियों के साथ सिद्धू सुबह गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे नतमस्तक होकर अरदास की और गुरबाणी श्रवण की। सफेद रंग के सलवार कमीज पहने व सफेद रंग की कढ़ाईदार शाल ओढ़े सिद्धू गुरुद्वारा साहिब के हॉल में आंखें बंद कर लगभग एक घंटा बैठे रहे। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया और आम लोगों से दूरी बनाए रखी।