{"_id":"66d742592430049da20604f3","slug":"punjab-university-student-council-election-campaign-stopped-voting-on-5th-sep-2024-09-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"PU Election: थमा चुनाव प्रचार, आखिरी दिन छात्र संगठनों ने झोंकी ताकत; रैली निकाली, कक्षाओं में जाकर मांगे वोट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
PU Election: थमा चुनाव प्रचार, आखिरी दिन छात्र संगठनों ने झोंकी ताकत; रैली निकाली, कक्षाओं में जाकर मांगे वोट
Tue, 03 Sep 2024 10:37 PM IST
अंकेश ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Tue, 03 Sep 2024 10:37 PM IST
सार
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) छात्र परिषद चुनाव के लिए प्रचार थम गया है। पांच सितंबर को मतदान होगा। चुनाव से एक दिन पहले चार सितंबर को प्रत्याशी विद्यार्थियों से वन-टू-वन मिलकर अपने लिए वोट मांगेंगे।
विज्ञापन
पीयू के यूआईटी विभाग में चुनाव प्रचार के दौरान छात्र।
- फोटो : शुभम कौशल
विस्तार
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) छात्र परिषद चुनाव के आखिरी दिन मंगलवार को संगठनों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। इसी के साथ प्रचार थम गया। उम्मीदवारों ने पीयू के नॉर्थ और साउथ कैंपस में प्रचार किया और अपने हक में वोट करने की अपील की। इस दौरान छात्र संगठनों की जीत के नारे गूंजते रहे। उम्मीदवारों ने दिन में कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से वोट मांगे और विभागों के बाहर रैली निकालकर प्रचार किया। शाम के समय छात्रों ने हॉस्टलों से होकर दोनों कैंपस में रैली की। रात के 9:00 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। आज उम्मीदवार एक-एक छात्र से बात कर सकते हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को एनएसयूआई उम्मीदवारों ने यूआईसीईटी और बीएमएस में कक्षाओं में जाकर प्रचार किया और पैनल के नारे लगाए। सीवाईएसएस का छात्र विंग केमिस्ट्री, भूगोल और अन्य साथ के विभागों में रैली करता दिखा और उम्मीदवारों ने यूआईईटी में शक्ति प्रदर्शन किया। सोई से अध्यक्ष उम्मीदवार तरुन सिद्ध भी यूआईईटी में प्रचार करते दिखे। पीएसयू ललकार से अध्यक्ष उम्मीदवार सारा ने एक से चार आर्ट्स ब्लॉक, बीए-बीएड, आईएसएसईआर, विज्ञान, गणित और मनोविज्ञान विभाग में जाकर प्रचार किया। एबीवीपी ने शाम में बॉयज हॉस्टल दो से नारे लगाते हुए रैली की शुरुआत की और सभी छात्रों से वोट की अपील की। रैली में पूरा पैनल साथ नजर आया। इस दौरान समर्थकों ने उम्मीदवारों के स्टिकर भी खूब उड़ाए। सेक्टर-32 के एसडी कॉलेज का पार्क स्टीकरों से भरा नजर आया।
विज्ञापन
डीएवी कॉलेज के रास्तों पर बैरिकेडिंग, गाड़ियों की एंट्री बंद
सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में मंगलवार से ही सख्ती कर दी गई। कॉलेज की तरफ जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। गाड़ियों को रोका जा रहा है। पुलिस के जवाब दोपहिया वाहनों पर भी नजर रख रहे हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कॉलेज का माहौल शांत दिखाई दिया। किसी भी विद्यार्थी को बिना आईडी कार्ड के प्रवेश नहीं दिया गया। कॉलेज के बाहर बैठे कांस्टेबल बाहर घूमते विद्यार्थियों को भी लाइब्रेरी में जाने को व माहौल को शांत बनाए रखने के लिए कहते रहे। हालांकि सोई पार्टी का प्रचार सुबह कॉलेज के बाहर दिखाई दिया, जिसमें प्रेसिडेंट पद के लिए मैदान में उतरे अक्षदीप दीप सिंह ढिल्लों व उनके समर्थक साथ दिखाई दिए।
विज्ञापन
पीजीजीसी-11 में गेट पर पुलिसकर्मी तैनात
पीजीजीसी-11 में प्रचार के आखिरी दिन माहौल में नर्मी दिखाई दी। सुरक्षा का ख्याल रखते हुए कॉलेज के गेट पर पुलिस सुरक्षाकर्मी दिखाई दिए। कॉलेज के अंदर का माहौल काफी सामान्य रहा। हालांकि छात्र-छात्राएं कपड़ों पर स्टीकर लगाकर कक्षाओं में जा-जाकर प्रचार करते नजर आए। पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार कॉलेजों में काफी सख्ती है, इसलिए इस बार हुड़दंगबाज नजर नहीं आ रहे हैं। कॉलेज के अंदर प्रचार भी शांतमय ढंग से हुआ।
एसडी-32 में स्टीकर से पटा पार्क
सेक्टर-32 के एसडी कॉलेज में भी काफी सख्ती दिखाई दी। गेट के बाहर गार्ड ने विद्यार्थियों को बिना एंट्री कार्ड के प्रवेश नहीं दिया। कुछ विद्यार्थियों को ऑनलाइन आईडी कार्ड दिखाने पर भी प्रवेश नहीं मिला। प्रचार के लिए प्रिंटेड स्टीकर पर प्रतिबंध लगाया है लेकिन इनका खूब इस्तेमाल हो रहा है। एसडी कॉलेज के अंदर एक छोटा पार्क इन स्टीकर्स से पटा पड़ा नजर आया। चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने की वजह से छात्रों ने जितने भी स्टीकर प्रिंट कराए थे, मंगलवार को वो सभी उड़ा दिए।