पंजाब पंचायत चुनाव का एलान: 15 अक्टूबर को वोटिंग, पार्टी सिंबल पर नहीं होगा चुनाव, बैलेट पेपर पर नोटा भी
पंजाब में 15 अक्तूबर को पंचायत चुनाव होंगे। राज्य चुनाव आयोग की ओर से बुधवार को पंचायत चुनाव की घोषणा कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब की 13,237 पंचायतों के लिए चुनाव की घोषणा हो गई है। इसके लिए मतदान 15 अक्तूूबर को होगा। उसी दिन शाम चार बजे से मतगणना शुरू होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बुधवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। बता दें इस बार पंजाब में पंचायती चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं लड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए अलग से चुनाव आचार संहिता तैयार की गई है, जिसके तहत चुनाव में राजनीतिक दखल नहीं होगा। ये सिर्फ ग्राम पंचायतों पर ही लागू होगा। जो पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी जाएंगी, उन पर आचार संहिता लागू नहीं होगी। चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 25 वर्ष की निर्धारित की गई है। बता दें कि फरवरी माह में पंचायतों का कार्यक्रम खत्म हो गया था, लेकिन चुनाव न होने के चलते ग्राम पंचायतों का काम प्रभावित हो रहा था। यही कारण है कि चुनाव करवाने को लेकर इन पंचायतों ने हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था।
सरपंच पद के उम्मीदवार 40 हजार कर सकेंगे खर्च
आयोग ने चुनाव में खर्च सीमा भी निर्धारित कर दी है, जो पहले से बढ़ाई भी गई है। सरपंच के पद के लिए उम्मीदवार 40 हजार रुपये चुनाव में खर्च कर सकेंगे, जो पहले 30 हजार रुपये था। इसी तरह पंच पद के उम्मीदवार 30 हजार रुपये खर्च कर सकेंगे, जो पहले 20 हजार रुपये निर्धारित था। डीसी की तरफ से चुनावी खर्च को मॉनीटर किया जाएगा। नामांकन के लिए 100 रुपये फीस तय की गई है, जबकि अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के लिए ये नामांकन फीस 50 रुपये होगी। चुनाव में 96 हजार स्टाफ की डयूटी लगाई जाएगी। साथ ही 23 सीनियर आईएएस व पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षक भी लगाया जाएगा। चुनाव के दौरान ड्राई डे भी घोषित किया जाएगा। चुनाव से संबंधित सभी तरह के फार्म आयोग की वेबसाइट www.sec.punjab.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं।
19,110 मतदान केंद्रों पर होगा चुनाव
चुनाव के लिए आयोग ने 19,110 मतदान केंद्र बनाए हैं। आयोग के अनुसार बैलेट पेपर पर नोटा का भी विकल्प दिया जाएगा। ग्राम पंचायतों का चुनाव बहुत बड़ा है, इसलिए इतनी ईवीएम मशीनों का प्रावधान करना उनके लिए मुश्किल था, जिसके चलते ही बैलेट पेपर से ही चुनाव करवाने का फैसला लिया गया है। सरपंच का चुनाव गुलाबी और पंच का चुनाव सफेद बैलेट पेपर से होगा। 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।