कांग्रेस-अकालियों में होगी फाइट या पटियाला 'आप' का?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटियाला शहरी विधानसभा सीट की जंग इस बार काफी दिलचस्प होने के आसार बन गए हैं। यह सीट कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है।
जो अमृतसर से लोकसभा चुनाव जीते हैं। पिछले काफी समय से यह सीट कांग्रेस के ही खाते में रही है, लेकिन इस बार होने वाले उप चुनाव में रोचक जंग होने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव में रहता है कांगेस का कब्जा
पटियाला शहरी सीट पर पिछले कई विधानसभा चुनाव से कांग्रेस का ही कब्जा रहता आया है। कई बार कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसका प्रतिनिधित्व किया।
अकाली दल यहां से आखिरी बार 1997 में जीता था, जब सुरजीत सिंह कोहली ने जीत दर्ज की थी। इसी बात को आधार बनाकर भाजपा ने इस बार इस सीट पर अपना दावा ठोक दिया है।
जिला भाजपा कार्यकारिणी ने बाकायदा इस संबंध में प्रस्ताव पास किया है, जिसके मुताबिक इस बार यह सीट शिअद के बजाय भाजपा को दी जाए।
जिला कार्यकारिणी जल्द ही इस संबंध में प्रदेश प्रधान कमल शर्मा से मिलने जा रही है। पार्टी की दलील है कि अगर भाजपा का कैंडिडेट उतारा जाता है तो आम आदमी पार्टी को गए वोट वापस लाए जा सकते हैं।
अकाली दल में चल रही कई नामों पर चर्चा
अकाली दल में भी चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज हो रही है। कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा के भाई चरनजीत सिंह रखड़ा, सुरजीत सिंह कोहली के बेटे अजीत पाल कोहली समेत कई नामों पर चर्चा चल रही है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने फिलहाल यही कहा है कि पार्टी उप चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन हाल ही में मनीष सिसोदिया की अगुवाई में हुई जिले की मीटिंग में वर्करों ने साफ कह दिया है कि अगर चुनाव नहीं लड़े तो पार्टी की छवि खराब होगी। सिसोदिया ने उन्हें भरोसा दिया है कि वह शीर्ष नेतृत्व के सामने वर्करों की भावनाएं रखेंगे।
आप उम्मीदवार डॉ. धर्मवीर गांधी को इस हलके से करीब 33 हजार वोट मिले थे, वह दूसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस में कैंडिडेट का फैसला कैप्टन परिवार करेगा, यह निश्चित माना जा रहा है।
यह परिवार की परंपरागत सीट रही है। यहां से परनीत कौर या उनके बेटे रण इंदर सिंह को उम्मीदवार बनाया जा सकता है, लेकिन कैप्टन परिवार गठबंधन और आप के फैसले के बाद ही कैंडिडेट तय करेगा।