कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 'मिशन सत प्रतिशत' की शुरूआत की, जल्द भरे जाएंगे 8,393 शिक्षकों के पद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मिशन सत प्रतिशत की शुरुआत की है। मिशन का उद्देश्य कोरोना महामारी के बावजूद सौ फीसदी परिणाम हासिल करना है। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम वर्चुअल आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चार हजार स्कूलों के छात्र और उनके माता-पिता भी वर्चअल तौर पर जुड़े। इसके अलावा शिक्षकों, विधायकों, आधिकारियों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
जल्द होगी शिक्षकों की भर्ती
इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एलान किया कि पूर्व-प्राथमिक विद्यालय के 8,393 शिक्षक पदों का सृजन किया जाएगा और जल्द ही इन पदों को भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन का उद्देश्य कोरोना महामारी के बीच डिजिटल शिक्षा के आधारभूत ढांचे को विकसित करना है। ऑनलाइन शिक्षा को ई-बुक्स, एजुसेट व्याख्यान, ई-सामग्री, ऑनलाइन कक्षाओं और टेलीविजन के माध्यम से मजबूत किया जाएगा।
कैप्टन ने कहा कि मिशन सरकारी स्कूलों के स्तर को और बढ़ाने में मदद करेगा। इन सरकारी स्कूलों में पिछले तीन वर्षों में शिक्षा की गुणवत्ता और प्रदर्शन में बड़े पैमाने पर सुधार हुआ है। कैप्टन ने आगे कहा कि साल 2017 की शुरुआत में आयोजित एक राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण से पता चला था कि पंजाब अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकता। इसके बाद छात्रों के प्रदर्शन में असाधारण सुधार हुआ है।
सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों को पीछे छोड़ा
निजी से सरकारी स्कूलों में आने वाले छात्रों की बढ़ती संख्या को कैप्टन ने अपनी सरकार की उपलब्धि बताई। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों ने लगातार दो साल निजी स्कूलों को बोर्ड परीक्षा परिणामों में पीछे छोड़ा है।
कैप्टन ने कहा कि गुणवत्ता शिक्षा पर हमारी सरकार का पूरा फोकस है। शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने में स्मार्ट स्कूलों का बड़ा योगदान है। राज्य में कुल 19,107 स्कूल हैं। जिनमें कुल 6,832 स्मार्ट स्कूल हैं। शनिवार को पंजाब को 1,467 स्मार्ट स्कूलों की सौगात मिली।
डिजिटल स्कूल के लिए 100 करोड़
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि स्कूलों के डिजिटलीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान किया गया। वहीं प्रदेश में बाकी बचे स्कूलों को स्मार्ट स्कूल बनाने के लिए 13,859 प्रोजेक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान 372 सरकारी प्राथमिक स्कूलों के छात्रों को 2625 टैबलेट भी बांटे गए हैं।