पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो शुरू, मंत्री ओम प्रकाश सोनी भी पहुंचे...जानें इस बार क्या है खास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमृतसर में पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो की शुरुआत हो गई है। इस दौरान खाद्य प्रसंस्करण एवं शिक्षा मंत्री ओम प्रकाश सोनी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगपतियों को हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। सोनी ने गुरुवार को सरकार के सहयोग से आयोजित किए जा रहे 13वें पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (पीटैक्स) का उद्घाटन करने के बाद विभिन्न देशों के उद्योगपतियों को संबोधित भी किया।
उन्होंने कहा कि अगर उद्योग मजबूत होंगे तो पंजाब आर्थिक और सामाजिक रूप से विकसित होगा और बेरोजगारी की समस्या का अंत भी होगा। सोनी ने कहा कि पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता में आने के बाद नई औद्योगिक नीति को लागू करते हुए उद्योगपतियों को कई तरह की सुविधाएं प्रदान की हैं। पहले उद्योगपतियों को जहां अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए चंडीगढ़ भागना पड़ता था। अब वहीं जिला स्तर पर उपायुक्तों को अधिकार देकर उद्योगपतियों की राह को आसान किया गया है।
सोनी ने उद्योगपतियों को पंजाब में पूंजी निवेश का आह्वान करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में उद्योगों और उद्योगपतियों के अनुकूल माहौल बनाया है। उन्होंने उद्योगपतियों को औद्योगिक नीति में संशोधन के लिए सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि अगर कोई भी उद्योगपति प्रदेश के हित में अपने सुझाव देगा तो सरकार उसे अपनी नीति में शामिल करने से पीछे नहीं हटेगी।
इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता सांसद गुरजीत सिंह औजला ने की। सांसद ने कहा कि कैप्टन सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में पूंजी निवेश एवं औद्योगिक विकास का माहौल तैयार किया है। इससे पहले मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष राजीव तलवार ने एलान किया कि पंजाब सरकार द्वारा पंजाब एवं औद्योगिक विकास के लिए शुरू किए जाने वाले किसी भी प्रोजेक्ट में पीएचडी चैंबर बढ़चढ़ कर सहयोग करेगा।
इस अवसर पर उद्योग विभाग पंजाब की एसीएस विन्नी महाजन, जिला उपायुक्त कमलदीप सिंह सांघा, पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स के प्रिंसिपल निदेशक डॉ. रणजीत मेहता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीके अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, चैंबर के पंजाब चैप्टर के चेयरमैन आरएस सचदेवा और को-चेयरमैन करण गिल्होत्रा समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
सिंगापुर ने बढ़ाए पंजाब में निवेश को हाथ
पंजाब सरकार द्वारा निवेश को बढ़ावा दिए जाने के प्रयासों में लागू की गई योजनाओं का अब धरातल पर भी परिणाम दिखाई देने लगा है। पीटैक्स के उद्घाटन समारोह में पहुंचे सिंगापुर इंडियन चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के को-चेयरमैन प्रसून मुखर्जी ने पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष राजीव तलवार व अन्य प्रतिनिधियों के साथ एक एमओयू भी किया। जिसके तहत सिंगापुर के उद्योगपति बहुत जल्द पंजाब सरकार के साथ मिलकर यहां पूंजी निवेश को बढ़ावा देते हुए नए उद्योगों की स्थापना पर काम करेंगे।