पुंछ आतंकी हमला: पंजाब के चार जवान वतन पर कुर्बान, परिवार को एक-एक करोड़ रुपये और नौकरी देगी मान सरकार
सीएम भगवंत मान ने शहीद चारों जवानों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। शहीद होने वाले जवानों में लुधियाना के मनदीप सिंह, गुरदासपुर के हरिकिशन सिंह, मोगा के कुलवंत सिंह और बठिंडा के सेवक सिंह का नाम शामिल है।
विस्तार
जम्मू और कश्मीर के पुंछ में सैन्य वाहन पर गुरुवार को आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में शहीद होने वाले पांच जवानों में से चार का संबंध पंजाब से है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने जवानों की शहादत पर शोक जताया। इसके साथ ही उन्होंने शहीद चारों जवानों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री मान ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब सरकार की नीति के तहत शहीद जवानों के निकट संबंधी और आश्रितों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि और एक नौकरी दी जाएगी। राज्य के चार सपूतों को खो देने पर मुख्यमंत्री मान ने दुख जताया है। उन्होंने आतंकी हमले की निंदा की।
सीएम ने कहा कि इन वीरों ने देश की एकता की रक्षा के लिए समर्पण का परिचय दिया और उनका बलिदान उनके साथी सैनिकों को कहीं अधिक निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करेगा। भगवंत मान ने कहा कि देश को ब्रिटिश साम्राज्यवाद के चंगुल से मुक्त कराने में पंजाबियों ने अग्रणी भूमिका निभाई थी। इसी तरह अब पंजाबी देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं और अपनी सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। शहीद होने वाले जवानों में लुधियाना के मनदीप सिंह, गुरदासपुर के हरिकिशन सिंह, मोगा के कुलवंत सिंह और बठिंडा के सेवक सिंह का नाम शामिल है।
शहीद सेवक सिंह: नहीं कर सके बहन की शादी
शहादत का जाम पीने वाले सिपाही सेवक सिंह बठिंडा के गांव बाघा के रहने वाले थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें हैं। सेवक सिंह ने 2018 में सेना ज्वाइन की थी। शहादत की खबर सुनते ही परिवार गम में डूब गया। दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सेवक सिंह ने फोन पर अपनी बहन से कहा था कि अगली छुट्टी में तेरी शादी करूंगा। इसके बाद अपनी शादी करूंगा। मगर शहादत की खबर से परिवार में शोक की लहर है।
शहीद हरिकिशन सिंह: तीन साल की बेटी किसको बोलेगी पापा
गुरदासपुर जिले के गांव तलवंडी भरथ के लाल हरिकिशन सिंह का नाम भी शहीदों की सूची में शामिल है। 27 वर्षीय हरिकिशन सिंह 49 राष्ट्रीय राइफल में तैनात थे। उन्होंने 2017 में सेना ज्वाइन की थी। हरिकिशन सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और तीन साल की बच्ची है। फरवरी 2023 में ही वे एक महीने की छुट्टी काट कर ड्यूटी पर लौटे थे।
शहीद मनदीप सिंह: पत्नी ने कहा- कुर्बानी व्यर्थ न जाए
पूंछ हमले में लुधियाना के गांव चणकोइयां के मनदीप सिंह ने भी अपनी शहादत दी। 17 साल पहले 2005 में मनदीप सिंह ने भारतीय सेना ज्वाइन की थी। चार मार्च को ही वह 20 दिन की छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटे थे। मनदीप सिंह के परिवार में उनकी मां बलविंदर कौर, पत्नी जगदीप कौर, बेटा करणदीप सिंह, बेटी खुशदीप कौर, छोटा भाई जगपाल सिंह और जगजीत सिंह हैं। मनदीप के पिता का 2012 में निधन हो गया था।
शहीद कुलवंत सिंह: पहले पिता... अब बेटे ने दी कुर्बानी
मोगा के गांव चड़िक के रहने वाले सेना के जवान कुलवंत सिंह ने भी वतन की सेवा में अपनी जान की कुर्बानी दी है। कुलवंत सिंह के पिता बलदेव सिंह ने कारगिल युद्ध में शहादत दी थी। बलदेव सिंह की जगह पर बेटे कुलवंत सिंह को नौकरी मिली थी। 14 साल पहले उन्होंने सेना ज्वाइन की थी। कुलवंत सिंह की तीन साल पहले शादी हुई थी। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी और तीन महीने का बेटा है। एक महीना पहले ही कुलवंत छुट्टी काट ड्यूटी पर लौटे थे।
We will give ex-gratia amount of Rs one crore each to the families of the four Army personnel who lost their lives in the Poonch terror attack: Punjab CM Bhagwant Mann pic.twitter.com/xKcwWTzcce
— ANI (@ANI) April 21, 2023