{"_id":"608a7f457209d6272d18be82","slug":"punjab-government-declared-holiday-on-may-1-on-occasion-of-400th-parkash-purab-of-guru-teg-bahadur","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब: श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर कल रहेगा अवकाश, वर्चुअल अरदास में शामिल होंगे सीएम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब: श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर कल रहेगा अवकाश, वर्चुअल अरदास में शामिल होंगे सीएम
Fri, 30 Apr 2021 12:02 AM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Fri, 30 Apr 2021 12:02 AM IST
सार
कोविड महामारी के मद्देनजर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह एक मई को 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर संगत के साथ वर्चुअल अरदास में शामिल होंगे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : twitter.com/capt_amarinder
विस्तार
पंजाब सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर 1 मई को छुट्टी घोषित की है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को ध्यान में रखते हुए 1 मई को पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों, बोर्डों, कॉरपोरेशनों और शैक्षणिक संस्थानों में गजटेड छुट्टी का एलान किया गया है। इस संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रवक्ता के अनुसार, यह छुट्टी नैगोशीएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट-1881 की धारा 25 के अंतर्गत भी होगी। वहीं कोविड महामारी के मद्देनजर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह एक मई को 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर संगत के साथ वर्चुअल अरदास में शामिल होंगे।
विज्ञापन
इस ऐतिहासिक मौके पर पूरा दिन चलने वाले कार्यक्रमों का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि एक मई को गुरु पर्व समागम सुबह 11 बजे पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के मोरिंडा रिहायश से शुरू होंगे, जिसमें भाई गुरमीत सिंह शांत गुरमति संगीत के साथ संगत को निहाल करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री की रिहायश में 11:45 बजे श्री आनंद साहिब के पाठ होंगे और फिर अरदास के बाद हुक्मनामा लिया जाएगा।
विज्ञापन
प्रवक्ता ने कहा कि पर्यटन मंत्री दोपहर 12:05 बजे अपने रिहायश से संबोधन करेंगे और उसके बाद 12:10 बजे मुख्यमंत्री की तरफ से संगत को संबोधित किया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग टीवी चैनलों, डिजिटल प्लेटफार्म पर विशेष रूप से गुरबाणी कीर्तन, गुरमति संगीत का सीधा प्रसारण होगा।
विज्ञापन
इसके आरंभ में भाई मनजीत सिंह शांत और डॉ. निवेदिता उप्पल की तरफ से गुरमति संगीत के साथ संगत को निहाल किया जाएगा और फिर भाई गगनदीप सिंह गंगानगर वाले, भाई सुखजिंदर सिंह, भाई अरविंदर सिंह नूर, भाई तार बलबीर सिंह और भाई बलवंत सिंह नामधारी की तरफ से दोपहर 12:30 से शाम 7:30 बजे तक कीर्तन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इन कार्यक्रमों की निगरानी के लिए स्थापित कमेटी ने 23 अप्रैल को 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रम वर्चुअल तौर पर मनाने का फैसला किया था। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से समागम टीवी पर देखकर अपने घरों से ही अरदास करने की अपील की थी और आपात हालत के मद्देनजर धार्मिक स्थानों पर जलसा न करने से गुरेज करने को कहा था।