पंजाब भर में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के अलग-अलग जिलों में कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। पंजाब के विभिन्न जिलों से विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें भी आने शुरू हो गई हैं। पटियाला के सभी ब्लाकों में मोदी सरकार के खिलाफ धरने लगाए गए। ब्लाक कांग्रेस किला मुबारक के प्रधान व पार्षद अतुल जोशी की ओर से भी धरना लगाकर मोदी सरकार खिलाफ नारेबाजी की गई। इस मौके पीएम मोदी का पुतला भी फूंका गया।
पीआरटीसी चेयरमैन केके शर्मा, मेयर संजीव शर्मा बिट्टू, जिला कांग्रेस प्रधान केके मल्होत्रा, महिला कांग्रेस प्रधान किरण ढिल्लों ने कहा कि आज देश का हर वर्ग मोदी सरकार से दुखी है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पंजाब के नौजवान बाहरी देशों का रुख कर रहे हैं। देश आर्थिक मंदी से जूझ रहा है, जिसका कारण मोदी सरकार की गलत नीतियां हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मोदी सरकार की ओर से पंजाब के साथ पक्षपात किया जा रहा है।
जालंधरः मोदी सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन
महाराष्ट्र में सरकार को लेकर केंद्र सरकार की धक्केशाही का आरोप लगाते हुए जालंधर में कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। दोआबा चौक में भाजपा विरोधी नारेबाजी की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था और पूरा क्षेत्र छावनी में तबदील हो गया। कांग्रेसी नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। पूर्व मंत्री अवतार हेनरी ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र का कत्ल कर रही है। सत्ता की लालसा ने लोगों के हितों व लोकतंत्र को खत्म कर दिया है।
पठानकोटः कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार को कोसा
केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने ब्लाक स्तर पर धरने दिए। पटेल चौक में सिटी ब्लाक अध्यक्ष अजय कुमार की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को जमकर कोसा। पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल विज ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई आसमान छू रही है, लोग मात्र प्याज खरीदने के लिए सौ बार सोच रहे हैं, यहीं नहीं दालें और अन्य रोजमर्रा की चीजों में पांच-पांच गुणा बढ़ोतरी हो चुकी है।
ट्रस्ट चेयरमैन विभुति शर्मा ने कहा कि यदि हिंदू बैंक डूब गया है तो भाजपा के राज में हुई अंधाधुंध भाई-भतीजा वाद की भर्ती के कारण। उन्होंने कहा हिंदू बैंक को बचाने के लिए विधायक अमित विज जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। इस मौके पर राज कुमार काका, आशीष विज, कपिल मल्होत्रा, जुगल, टेकचंद, रोशन लाल सोनी, नरेश कोहली, पारस पुरी, अनुष महाजन जिन्नी, शशि पाल, जोगीसेठ, शाम महाजन, रोहित स्याल, धनवंत बाजवा, एडवोकेट पकंज, नीतिन महाजन मौजूद थे।
अबोहरः केंद्रीय की नीतियों के खिलाफ धरना
केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को अबोहर व बल्लूआना कांग्रेस ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना लगाया गया। नगर कांग्रेस प्रभारी संदीप जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश के लाखों नौजवान बेरोजगार होकर सड़कों पर आ चुके हैं। किसान परेशान हैं। छोटे व्यापारी का कारोबार खत्म हो रहा है।
हल्का बल्लुआना के विधायक नत्थूराम ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सरकारी बैंकों एवं सरकारी कंपनियों को फेल करके अपने चहेतों के व्यापार मजबूत कर रहे है। उन्होंने कहा कि पहले लोग बैंक में अपना पैसा सुरक्षित समझते थे लेकिन मोदी के कार्यकाल में हुए बैंक घोटालों से लोगों का बैंकों से भी विश्वास उठ गया है।
इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहनलाल ठठई, ब्लाक खुईयांसरवर के अध्यक्ष बलवीर सिंह दानेवालिया, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अनिल नागौरी, सुभाष बाघला, सुरेश बांसल, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पुनीत अरोड़ा, पार्षद नरेंद्र वर्मा, पार्षद गणपत राम, पार्षद महीपाल वर्मा, पार्षद गणेश सबलानिया मौजूद थे।
‘मोदी-शाह जोड़ी ने देश को किया बर्बाद’
सोमवार को बठिंडा के परसराम नगर चौक पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने धरना लगाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण वधावन ने आरोप लगाया कि मोदी-शाह की जोड़ी ने देश को बर्बाद कर रख दिया है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार की नीतियों के कारण भारत में कोई इंडस्ट्री लगाने को तैयार नहीं है।
बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब का हक नहीं दे रही। पिछले तीन माह से जीएसटी का बकाया भी जारी नहीं कर रही है। सुनाम ऊधम सिंह वाला और फिरोजपुर के गुरुहरसहाए में भी कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।