शिअद प्रत्याशी बोले-मतदान तक नहीं होने देंगे किसी की गिरफ्तारी, बाद में सभी को थाने लेकर आ जाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब की सबसे हॉट सीट दाखा में मतदान की तारीख जैसे-जैस नजदीक आ रही है, वैसे ही अकाली और कांग्रेसियों में तल्खियां बढ़ने लगी हैं। गुरुवार की सुबह रोपड़ पुलिस शिअद प्रत्याशी मनप्रीत अयाली के एक वर्कर को गिरफ्तार करने पहुंच गई।
अयाली सोशल मीडिया पर लाइव होकर पुलिस के आला अधिकारियों से फोन पर बात करते और कहते दिखे कि वह अपने वर्कर्स के साथ धक्काशाही नहीं होने देंगे, मतदान के बाद सभी को लेकर थाने पहुंच जाएंगे। अयाली के अनुसार कभी रोपड़, कभी अमृतसर तो कभी गुरदासपुर की पुलिस उनके वर्कर्स को गिरफ्तार करने पहुंच रही है। यह कांग्रेस की बौखलाहट का नतीजा है।
अयाली ने बताया कि रोपड़ पुलिस गांव सिंधवा वेट सर्कल प्रधान मनजिंदर सिंह को एक झूठे मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी। कांग्रेस की शह पर पुलिस उनके उन वर्करों को निशाना बना रही है, जो चुनाव प्रचार तेजी से कर रहे हैं। वह अपने वर्करों के साथ खड़े हैं, इसके लिए सभी वर्करों को एकजुट होने के लिए कहा है। ताकि अगर दोबारा किसी अन्य जिले से पुलिस किसी वर्कर को गिरफ्तार करने आती है, तो मौके पर उसका विरोध किया जा सके।
कांग्रेसी वर्कर से मारपीट पर संधू खामोश
कांग्रेस और अकाली दल में बढ़ती जा रही कशमकश को लेकर सोशल मीडिया पर लोग जमकर एक दूसरे पर तंज कस रहे हैं। गुरुवार की घटना के बाद ज्यादातर लोगों का कहना है कि अयाली तो अपने वर्करों को पुलिस से बचा रहे हैं। लेकिन कांग्रेसी दफ्तर में एक कांग्रेसी वर्कर के साथ मारपीट पर प्रत्याशी कैप्टन संदीप संधू क्यों खामोश है। उन्होंने अभी तक इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।