Punjab Board 8th Result 2023: 98.01 प्रतिशत रहा परिणाम, 100 प्रतिशत अंकों के साथ मानसा की लवप्रीत बनीं टॉपर
पहले दो स्थानों पर रहीं लवप्रीत और गुरअंकित कौर बुढलाडा के एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ती हैं। दोनों के 600 में से 600 अंक आए हैं। उम्र में कम होने के कारण लवप्रीत को टॉपर घोषित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) के 8वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में बेटियों ने बाजी मारी है। बेटियों ने जहां टॉप तीन स्थानों कब्जा किया है वहीं, 356 विद्यार्थियों की मेरिट सूची में केवल 46 लड़कों को छोड़कर अन्य सभी स्थानों पर बेटियां रही हैं। परीक्षा परिणाम 98.01 फीसदी रहा है।
परीक्षा में 298127 विद्यार्थी बैठे थे। इनमें से 292206 ने परीक्षा पास की है। सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुढलाडा मानसा की दो छात्राएं एक समान अंक लेकर क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रही हैं। इनमें लवप्रीत कौर और गुरअंकित कौर शामिल हैं। दोनों ने 600/600 (100 फीसदी) अंक हासिल किए हैं।
गुरु नानक पब्लिक सीनियर सेकेंडरी बस्सीया लुधियाना की समरप्रीत कौर 598/600 (99.67) अंक लेकर सूबे में तीसरे स्थान पर रहीं। बोर्ड के वाइस चेयरमैन डॉ. वरिंदर भाटिया ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बताया कि विद्यार्थी शनिवार सुबह 10 बजे से बोर्ड की वेबसाइट https://www.pseb.ac.in/ पर परिणाम देख पाएंगे। बोर्ड ने परिणाम का अलग से गजट तैयार नहीं किया है।
पीएसईबी अधिकारियों ने बताया पूरे राज्य का परीक्षा परिणाम काफी अच्छा रहा है। सभी जिलों का परिणाम 96 फीसदी रहा है। पांच हजार विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है जबकि 17 विद्यार्थियों का रिजल्ट आरएलए, 106 का आरएलई, 06 आरएलपी और एक यूएमसी केस रहा, जो विद्यार्थी परीक्षा पास नहीं कर पाए हैं, उनके लिए पीएसईबी की तरफ से दो महीने के बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसके विद्यार्थियों को अलग से दाखिला फार्म भरने होंगे। इसके साथ ही वह कक्षा 9वीं में अस्थायी दाखिला ले पाएंगे। परीक्षा के बाद जो विद्यार्थी पास हो जाएंगे, उन्हें प्रमोटेड और जो पास नहीं कर पाएंगे उन्हें नॉट प्रमोटेड लिखा जाएगा। वह दोबारा 8वीं कक्षा में दाखिला ले पाएंगे।
निजी स्कूलों का प्रदर्शन सरकारी से थोड़ा बेहतर रहा है। हालांकि अधिकारियों ने दलील दी कि उनमें कम विद्यार्थी अपीयर हुए थे। छह ट्रांसजेंडरों ने परीक्षा पास की है। अधिकारियों का कहना है यह परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की तुरंत जानकारी के लिए है। परिणाम में अगर किसी तरह की कोई कमी रहती है तो इसके लिए बोर्ड जिम्मेदार नहीं होगा। इस मौके बोर्ड के सचिव अभिकेश गुप्ता व परीक्षा कंट्रोलर जनक राज महरोक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
| विवरण | अपीयर विद्यार्थी | पास | प्रतिशत |
| लड़कियां | 141630 | 139767 | 98.68 |
| लड़के | 156491 | 152433 | 97.41 |
| ट्रांसजेंडर | 06 | 06 | 100.00 |
| सरकारी स्कूल | 207369 | 202981 | 97.88 |
| निजी स्कूल | 75120 | 74456 | 99.12 |
| एडेड स्कूल | 15638 | 14769 | 94.44 |
| कुल विद्यार्थी | 298127 | 292206 | 98.01 |
तीन साल का तुलनात्मक परीक्षा परिणाम
| साल | अपीयर विद्यार्थी | पास | प्रतिशत |
| 2023 | 298127 | 292206 | 98.01 |
| 2022 | 307942 | 302558 | 98.25 |
| 2021 | 307272 | 306894 | 99.88 |
सीमावर्ती जिलों के विद्यार्थी रहे आगे
8वीं कक्षा के परिणाम में सीमावर्ती जिलों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। जबकि लुधियाना, जालंधर और मोहाली जैसे नामी शहर इस मामले में पिछड़ गए हैं। अधिकारियों की माने तो परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए गए थे। परीक्षा केंद्रों के अंदर नियम काफी सख्त थे जिसमें नकल के केस आने पर चेकिंग स्टाफ पर कार्रवाई की सिफारिश तक शामिल रही है।
जिलेवार परीक्षा परिणाम
| जिले का नाम | अपीयर विद्यार्थी | पास | प्रतिशत |
| पठानकोट | 6141 | 6100 | 99.33 |
| कपूरथला | 7558 | 7490 | 99.10 |
| गुरदासपुर | 16842 | 16687 | 99.08 |
| फिरोजपुर | 10595 | 10480 | 98.91 |
| अमृतसर | 28560 | 28241 | 98.88 |
| रूपनगर | 8683 | 6792 | 98.68 |
| फरीदकोट | 6510 | 6418 | 98.59 |
| तरनतारन | 13505 | 13315 | 98.59 |
| मालेरकोटला | 4212 | 4150 | 98.53 |
| एसबीएस नगर | 5945 | 5852 | 98.44 |
| होशियापुर | 15445 | 15199 | 98.41 |
| फतेहगढ़ साहिब | 5840 | 5732 | 98.15 |
| जालंधर | 21515 | 21084 | 98.00 |
| मोहाली | 10279 | 10046 | 97.73 |
| पटियाला | 19946 | 19480 | 97.66 |
| मानसा | 8655 | 8449 | 97.62 |
| लुधियाना | 43190 | 42150 | 97.59 |
| बरनाला | 5465 | 5326 | 97.46 |
| फाजिल्का | 14434 | 14058 | 97.40 |
| श्री मुक्तसर साहिब | 10231 | 9934 | 97.10 |
| संगरूर | 12191 | 11808 | 96.46 |
| बठिंडा | 14639 | 14175 | 96.83 |
| मोगा | 9546 | 9240 | 96.79 |
यह है पास फार्मूला
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा के लिए एक पास फार्मूला बनाया गया है। इसके मुताबिक 33 फीसदी अंक लेना हर विद्यार्थी के लिए जरूरी है जबकि अगर दो विद्यार्थी समान अंक लेते हैं तो उसमें सबसे छोटी उम्र के विद्यार्थी को पहला स्थान दिया जाएगा, जबकि बड़ी उम्र वाले को दूसरा स्थान दिया जाएगा। वहीं, विषय वाइस रिजल्ट 99 फीसदी से अधिक रहा है।