Investor Summit 2023: होशियारपुर में नेचुरोपैथी केंद्र खोलेगी पंजाब सरकार, इन्वेस्टर्स समिट के दूसरे दिन एलान
दो दिवसीय निवेशक सम्मेलन में देश और विदेश के सैकड़ों उद्योगपति भाग ले रहे हैं। इन्वेस्ट पंजाब की ओर से सभी मेहमानों का भव्य स्वागत किया गया। सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब पूरे उत्तर भारत में निवेश के लिए एक आदर्श डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। उन्होंने पंजाब में हजारों करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि होशियारपुर जिले में एक बड़ा प्राकृतिक चिकित्सा (नेचुरोपैथी) केंद्र खोला जाएगा। इसमें होशियारपुर स्थित गुरु रविदास आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाएगा। डॉ. बलबीर शुक्रवार को प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट के समापन पर आयोजित हेल्थ केयर सेशन में बोले रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा की ओर मोड़ने का प्रयास कर रही है। वहीं, सत्र में एक उद्योगपति ने कहा कि वह होशियारपुर जिले में स्थित रणजीत सागर डैम के साथ एक मेडिटेशन रिसॉर्ट खोलना चाहते हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल के लिए सरकार उद्यमियों की मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपतियों के अलावा सरकार छोटे उद्यमियों को भी प्रोत्साहित करेगी। इस मौके पर हेल्थ केयर सेक्टर के उद्योगपतियों ने कहा कि लोग इसमें निवेश तो करना चाहते हैं लेकिन भारी भरकम करों के बोझ तले कई अस्पताल संचालन में समस्याएं झेल रहे हैं। थायरोकेयर के एमडी राहुल गुहा ने कहा कि कर की नीतियों को आसान बनाने की जरूरत है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुडे़ अन्य निवेशकों ने भी सत्र में अपने विचार रखे।
पंजाब साहसिक पर्यटन नीति और पंजाब जल पर्यटन नीति की घोषणा
राज्य में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार ने पंजाब एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी 2023 और पंजाब वॉटर टूरिज्म पॉलिसी 2023 का अनावरण प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट के दूसरे दिन किया।
पर्यटन और सांस्कृतिक मामले, निवेश प्रोत्साहन और श्रम मंत्री अनमोल गगन मान, सचिव पर्यटन और सांस्कृतिक मामले गुरकीरत किरपाल सिंह और प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स में पर्यटन और मनोरंजन सत्र में भाग लेने वाले गण्यमान्य व्यक्तियों द्वारा नीतियों का अनावरण किया गया। इससे जहां जल निकायों के साथ पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा, वहीं रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मान ने कहा कि राज्य में विभिन्न फिल्म शूटिंग स्थलों की एक समृद्ध विरासत है और इसमें कई ऐतिहासिक किले, धार्मिक स्थान, वेटलैंड और अटारी सीमा जैसे अन्य दर्शनीय स्थल हैं। राज्य सरकार फिल्म और मीडिया उद्योग को राज्य में इन स्थलों पर शूटिंग के लिए आमंत्रित करती है।
पंजाब सरकार का सहयोग बेमिसाल: राजिंदर गुप्ता
ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार का सहयोग बेमिसाल है। नौजवानों को बड़े स्तर पर रोजगार देने के लिए ग्रुप कई गुना विस्तार कर रहा है।
वर्धमान को मिल रहा सहयोग: सचित जैन
वर्धमान स्टील्स के वाइस चेयरमैन और एमडी सचित जैन ने कहा कि ग्रुप लगातार तरक्की कर रहा है और राज्य की कार्य विधि सर्वोत्तम है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को और प्रफुल्लित करने के लिए सहयोग देने के लिए इन्वेस्ट पंजाब की सराहना की। सचित जैन ने इस शानदार समागम करवाने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी।
रोजगार परक निवेश दिलाएंगे: अमित थापर
सीआईआई पंजाब के चेयरमैन अमित थापर ने कहा कि निवेश को उत्साहित करने के लिए राज्य सरकार के इरादे बड़े स्पष्ट और सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सम्मेलन को निर्विघ्न और सुचारू ढंग से संपन्न करके एक नया मापदंड कायम किया है। थापर ने रोजगार के और मौके पैदा करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश का भरोसा भी दिया।
पंजाब प्रगति के पथ पर अग्रसर: लोकनाथन
सपन वन ग्रुप के नेशनल हेड लोकनाथन नादर ने इनवेस्ट पंजाब के दौरान हुए शानदार तजुर्बों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि प्रोग्रेसिव पंजाब अब नए कदम उठाकर असली अर्थों में प्रगतिशील पंजाब बन गया है। लोकनाथन नादर ने कहा कि यह सम्मेलन राज्य में बड़े स्तर पर निवेश करने के लिए समूह की वचनबद्धता को और मजबूत करेगा।
बेहतर रहा अनुभव: सरदाना
सुखजीत सरदाना ग्रुप के उप प्रधान भवदीप सरदाना ने इन्वेस्ट पंजाब के दौरान हुए शानदार अनुभव के बारे में बताया। भवदीप सरदाना ने सरकार का धन्यवाद किया और निवेश के लिए मुख्यमंत्री के प्रयत्नों को लाभदायक और सकारात्मक बताया।
पंजाब में निवेश को लेकर उत्साहित: परेश दत्तानी
सनाथान पोलीकोट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर परेश दत्तानी ने कहा कि पहले जब कंपनी ने विस्तार करने का फैसला किया था तो पंजाब का नाम कहीं भी नहीं था लेकिन अब इन्वेस्ट पंजाब के इस शानदार अनुभव ने उनको राज्य में निवेश करने के लिए बहुत उत्साहित किया है।
सीएनजी क्षेत्र में मिली सरकार की मदद: हरदीप पुरी
थिंक गैस के सीईओ हरदीप पुरी ने राज्य में व्यापार के दायरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में सीएनजी क्षेत्र में बहुत संभावनाएं मौजूद हैं।
समिट से मिलेगी आर्थिक विकास को तेजी: अनीश मक्कड़
टेली-परफॉरमेंस के प्रमुख अनीश मकड़ ने कहा कि सम्मेलन में हर विचार-विमर्श बहुत अहम और लाभकारी रहा। पंजाब में औद्योगिक क्षेत्र में बहुत संभावनाएं हैं और ऐसे सम्मेलन राज्य के आर्थिक विकास में तेजी लाएंगे।