सुनील जाखड़ पर लगाए झूठे केस दर्ज करवाने के आरोप, सुखबीर ने की सीबीआई जांच की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अबोहर और फिरोजपुर के कुछ परिवारों ने प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ पर झूठे केस दर्ज कराने का आरोप लगाया है। वहीं, शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने मांग की है कि जाखड़ द्वारा दर्ज कराए सभी केसों की सीबीआई जांच कराई जाए। सुखबीर की प्रेस कांफ्रेंस में आए पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि 2017 में शिअद-भाजपा का समर्थन करने के कारण ही उन पर बार-बार झूठे केस दर्ज कराए जा रहे हैं।
इस चुनाव में जाखड़ हार गए थे। आढ़ती महिंदर बठला की बेटी डॉ. सलोनी ने कहा कि उनके परिवार में किसी को नहीं छोड़ा गया, सब पर केस दर्ज कर लिए गए। कांग्रेसी अब उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उनके पिता को स्टे ऑर्डर को जमा कराने के झूठे बहाने से बुला कर गिरफ्तार कर लिया गया। सुरेश सतीजा के परिजनों ने बताया कि उन्हें भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करने के बदले दो घंटे हथकड़ी बांध कर बाजार में घुमाया गया।
सतीजा के बेटे अमित ने कहा कि वे हाईकोर्ट से एक परचा रद्द करवाते हैं तो दूसरा कर दिया जाता है। उन्हें धमकी दी जा रही है कि हाईकोर्ट में डाली अर्जियां वापस न लीं तो नतीजा भुगतना होगा। लोहड़ी वाले दिन भी पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा और त्यौहार का सामान नष्ट कर दिया।
फिरोजपुर कैंट के पार्षद सुनील गोयल ने कहा कि जाखड़ के कहने पर परचा दर्ज किए जाने के बाद उन्हें पांच महीने जेल में रहना पड़ा। सुखबीर ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि ऊपर से दबाव में झूठे परचे दर्ज किए जा रहे हैं। पार्टी हाईकोर्ट जाएगी और जाखड़ द्वारा दर्ज कराए परचों की जांच की मांग करेगी।
गैंगस्टरों का साथ देने वालों संग खड़े हो गए हैं सुखबीर : जाखड़
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा है कि शिअद के प्रधान सुखबीर सिंह बादल अब गैंगस्टरों के मददगारों के हक में खड़े होकर बहुत ही निचले दर्जे की सियासत पर उतर आए हैं। मंगलवार को सुखबीर बादल द्वारा प्रेस कांफ्रेंस में लगाए आरोपों पर जाखड़ ने कहा कि शिअद प्रधान उन लोगों के हक में खड़े हो गए हैं जिनके खिलाफ गैंगस्टरों को जेलों में जाकर मिलने का परचा दर्ज हुआ था और वह परचा भी अकाली दल की पिछली सरकार ने ही दर्ज किया था।
इन लोगों पर किसानों को नकली खाद बेचने का भी परचा दर्ज है। ऐसे लोगों की पैरवी करके शिअद प्रधान अपने ओहदे की मर्यादा को घटा रहे हैं। जिन लोगों को प्रेस कांफ्रेंस में पेश किया गया उनके खिलाफ गैंगस्टरों के साथ जेल में मिलने का परचा दर्ज है और वही गैंगस्टर अब गवाहों को धमका रहे हैं, जिसकी रिकॉर्डिंग पुलिस के पास है।
जाखड़ ने कहा कि अकाली दल प्रधान ने अपना रुतबा इतना गिरा लिया है कि वे 323 के साधारण मुकदमे के बारे में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं जबकि वे यह भूल रहे हैं कि उनकी सरकार के समय दर्ज किए गए हजारों झूठे केसों की जांच के लिए सरकार को जस्टिस मेहताब गिल आयोग का गठन करना पड़ा है। पंजाब सरकार की पुलिस या किसी भी कानून लागू करने वाली एजेंसी के कामकाज में कोई सियासी दखलअंदाजी नहीं है और कानून पूरी निष्पक्षता से काम कर रहा है।