'सुरक्षित हैं इराक में फंसे सभी पंजाबी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि इराक में फंसे सभी पंजाबी सुरक्षित हैं तथा वह उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए भारत सरकार से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। उनके अनुसार केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सुबह फोन पर उन्हें बताया कि इराक में सभी पंजाबी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बादल ने कहा कि इस गंभीर मसले पर सभी पंजाबी चिंतित हैं। उन्होंने भारत सरकार को यात्रा के वैध दस्तावेज और इमिग्रेशन पेपरों से संबंधित औपचारिकताओं को एक तरफ रखकर भारतीयों विशेषकर पंजाबियों को वापस अपने देश लाने के लिए कहा है।
इराक में फंसे पंजाबियों की घर वापसी का खर्च उठाने की घोषणा के बाद पंजाब सरकार ने उनकी कुशलता पूछने के लिए उनके रिश्तेदारों द्वार किए गए टेलीफोनों के बिलों का भुगतान करने का भी मुख्यमंत्री बादल ने ऐलान किया है।
बादल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि इस कार्य के लिए प्रभावित परिवारों द्वारा खर्च की जाने वाली सारी राशि का भुगतान उनके द्वारा क्लेम करने पर कर दिया जाए।
514 पंजाबियों के फंसे होने की सूचना
पंजाब सरकार द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम में पहुंचे फोन काल्स के द्वारा अभी तक 514 पंजाबियों के इराक में फंसे होने की सूचना पहुंची है। फोन करने वालों में पीड़ित परिवारों सहित इराक में फंसे कुछ लोग भी शामिल हैं। इस संबंध में विदेश मंत्रालय को सूचना भेज दी गई है।
पंजाब के प्रवासी मामलों संबंधी मंत्री जत्थेदार तोता सिंह ने यह जानकाररी देते हुए बताया कि नियंत्रण कक्ष द्वारा एकत्र की गई जानकारी के अनुसार इराक में फंसे व्यक्तियों में 36 गुरदासपुर, 15 एसबीएस नगर, 40 जालंधर, 35 पटियाला, 224 होशियारपुर, 35 कपूरथला, 10 लुधियाना, 7 बरनाला, 37 रोपड़, 5 पठानकोट, 13 फतेहगढ़ साहिब, 39 अमृतसर, 3 बठिंडा, 1 मोगा, 8 एसएएस नगर, 3 तरनतारन, 2 फरीदकोट और एक संगरूर जिले से संबंधित हैं।
कांग्रेस ने स्थापित की हेल्पलाइन
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) ने इराक में अगवा भारतीय वर्करों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन स्थापित की है।
पीपीसीसी अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि केंद्र सरकार को इन मुश्किल हालातों में भारतीयों को तुरंत वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए।
पीड़ित परिवार उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर 98760-48477 सहित फोन नंबरों 98141-92442, 9988379394, 0172-2781408 व फैक्स नंबर 0172-5039762 पर संपर्क कर सकते हैं।
सरकार पूरी तरह से गंभीर : भाजपा
पंजाब भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा ने शनिवार को कहा कि इराक में फंसे पंजाबियों की घर वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व पंजाब सरकार इस बारे में पूरी गंभीरता से जुटी हुई हैं।
इराक मामले केंद्र को मदद देगी हरियाणा सरकार
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पत्र भेज कर आग्रह किया कि इराक में फंसे हरियाणा वासियों को सुरक्षित बाहर निकलवाने के लिए जरूरी कदम जल्द उठाए जाएं। श्री हुड्डा ने केंद्र सरकार के सम्मुख इराक में फंसे भारतीयों को बाहर निकलवाने के लिए हर सहायता मुहैया करवाने का प्रस्ताव भी रखा है।
विदेश मंत्री को भेजे पत्र में श्री हुड्डा ने कहा कि इराक में बनी स्थिति से समूचे देश के अनेक नागरिक प्रभावित हुए हैं, जिनमें से कुछ को अगवा भी किया गया है और कुछ वहां फंसे हुए हैं और हरियाणा के बड़ी संख्या में लोग भी इराक में उत्पन्न स्थिति से जूझ रहे हैं।
वहां फंसे भारतीयों तक पहुंचने के विदेश मंत्रालय के प्रयासों की सराहना भी मुख्यमंत्री ने की और कहा कि इराक में फंसे हरियाणा वासियों की जानकारी एकत्रित करने के लिए हरियाणा सरकार ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे खुला है और अब तक हरियाणा के लगभग 114 लोगों की जानकारी कंट्रोल रूम में मिली है, जो विदेशी धरती पर मानसिक आघात का सामना कर रहे हैं।
श्री हुड्डा ने केंद्रीय मंत्री को आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार इराक में फंसे भारतीयों को सुरक्षित तथा शीघ्र बाहर निकालने के लिए केंद्र सरकार की हर संभव मदद करने के लिए कटिबद्घ है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इराक में फंसे हरियाणावासियों को सुरक्षित बाहर निकलवाने के लिए वित्तीय व जन संसाधन मुहैया कराने को भी तैयार है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इराक संकट का शीध्र समाधान हो और इराक में फंसे लोग जल्द से जल्द अपने-अपने घर पहुंचें।