राम रहीम से मुलाकात पर अक्षय कुमार ने दी सफाई, एसआईटी के सामने पेश होंगे बादल पिता-पुत्र
बरगाड़ी कांड की जांच को एसआईटी द्वारा समन भेजे जाने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार ने फिर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि वह कभी भी डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम से नहीं मिले। अक्षय ने ट्वीट किया कि वे कभी ऐसा कुछ नहीं कर सकते जिससे पंजाबियों की भावनाएं आहत हों। उनकी जानकारी में आया है कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के साथ उनके मिलने के बारे में सोशल मीडिया पर अफवाहें और गलत बयान चल रहे हैं।
इसमें राम रहीम की सुखबीर सिंह बादल के साथ मीटिंग करवाने की बात कही जा रही है। जबकि मैं अपने जीवन में कभी डेरा प्रमुख से नहीं मिला। सोशल मीडिया से ही उन्हें पता चला है कि गुरमीत राम रहीम मुंबई में मेरे घर के पास जुहू में कुछ समय के लिए रहा है। लेकिन हम कभी एक-दूसरे के सामने नहीं आए।
अक्षय ने आगे लिखा है कि कई वर्षों से वह समर्पण भावना के साथ पंजाबी सभ्याचार और सिखों की अमीर इतिहास परंपराओं को प्रमोट करते आ रहे हैं। इनमें सिंह इज किंग और सारागढ़ी की जंग पर आधारित केसरी शामिल हैं। मुझे पंजाबी होने पर गर्व है और सिख विश्वासों के लिए सर्वोच्च सम्मान है। मैं कभी ऐसा कुछ नहीं कर सकता जिससे मेरे पंजाबी भाई, बहनों की भावनाएं आहत हों, जिनके लिए मेरे दिल में सबसे ज्यादा प्रेम और सम्मान है।
मीटिंग करवाने का है आरोप
अक्षय कुमार पर सुखबीर बादल और गुरमीत राम रहीम के बीच मीटिंग करवाने का आरोप है। बरगाड़ी मामले की जांच को पंजाब सरकार द्वारा गठित जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट में अक्षय पर यह आरोप लगा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्षय ने अपने जुहू स्थित फ्लैट पर राम रहीम और सुखबीर की मुलाकात करवाई। इसमें तख्त श्री दमदमा साहिब के तत्कालीन जत्थेदार ज्ञानी गुरमुख सिंह भी मौजूद थे। इसमें ही राम रहीम की फिल्म को पंजाब में रिलीज करने की डील फाइनल हुई थी।
विशेष जांच टीम के सामने रखूंगा अपना पक्ष : सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि बेअदबी मामले में जांच कमेटी ने उन्हें समन भेजे हैं। वह जरूर जाएंगे और एसआईटी के सामने अपना पक्ष रखेंगे। सुखबीर सोमवार को शिरोमणि कमेटी के प्रधान के चुनाव की पूर्व संध्या पर तेजा सिंह समुंद्री हॉल में एसजीपीसी सदस्यों के साथ एक बैठक के आयोजन से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सुखबीर बादल ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा भी टेका।
समन मिलने पर एसआईटी के सामने पेश होंगे बादल : हरसिमरत
बेअदबी मामले में एसआईटी के बादल पिता-पुत्र को समन करने के मामले में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं लेकिन फिर भी जब समन मिल जाएंगे तो वह लोग एसआईटी के पास जाएंगे। कांग्रेस के राज में सरकारी अधिकारियों से उन्हें कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में दोबारा से 84 जैसा माहौल बन रहा है। अगर ऐसा ही रहा तो लोग पंजाब छोड़कर चले जाएंगे। अकाली दल की कोर कमेटी की ओर से किए गए फैसले पर हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अगर कोई पार्टी का विरोध करता है तो पार्टी नियमों के अनुसार कार्रवाई कर सकती है।