तैयार रहें, यहां महंगी होने वाली है बिजली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में बिजली के दाम इसी हफ्ते से बढ़ सकते हैं। पंजाब राज्य बिजली नियामक आयोग (पीएसईआरसी) ने इसके लिए चुनाव आयोग से इजाजत मांगी थी, जो उसे मिल गई है।
आयोग अब जल्दी ही नये टैरिफ की घोषणा कर सकता है। इसके तहत बिजली के रेट आठ से दस फीसदी तक बढ़ेंगे, जोकि आम लोगों के लिए बड़ा झटका होगा। आयोग की चेयरपर्सन रोमिला दुबे ने इसकी पुष्टि की है।
नये टैरिफ का ऐलान जल्द
रोमिला दुबे ने कहा कि चुनाव आयोग ने नये टैरिफ घोषित करने की मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसका ऐलान कर दिया जाएगा। पीएसईआरसी ने विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए बिजली की नई दरें पहले ही तय कर ली थीं। लेकिन इस बीच पटियाला और तलवंडी साबो में उपचुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो गई।
इसके बाद कमीशन ने पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिख कर इसकी मंजूरी मांगी थी। जिन्होंने मामला केंद्रीय चुनाव आयोग को भेज दिया था। मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग से शुक्रवार को मंजूरी आ गई थी। जिसे कमीशन को भेज दिया गया है।
आठ से दस फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव
2014-15 के लिए बिजली दरों की घोषणा गत एक अप्रैल से ड्यू है। 2013-14 का टैरिफ पिछले साल दस अप्रैल को घोषित और एक अप्रैल से लागू हुआ था। जो 31 मार्च 2014 तक के लिए था।
लोकसभा चुनाव की वजह समय पर नया टैरिफ घोषित नहीं किया जा सका था। कमीशन द्वारा तैयार प्रस्ताव के मुताबिक उपभोक्ताओं की जेब काफी ढीली होगी। क्योंकि बिजली के रेट आठ से दस फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है।
हालांकि कमीशन ने राज्य सरकार से कुछ वर्गों को सब्सिडी देने को भी कहा है, जिनमें खेती, बीपीएल व दलित परिवार शामिल हैं।