फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Postmortem of Kartik Popli will be done on monday

Kartik Popli: सोमवार को पीजीआई में होगा कार्तिक पोपली का पोस्टमार्टम, IAS पिता संजय पोपली को अस्पताल से मिली छुट्टी

Sun, 26 Jun 2022 03:56 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Sun, 26 Jun 2022 03:56 PM IST
सार

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 21 जून को आईएएस संजय पोपली को नवांशहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के टेंडर की मंजूरी देने के लिए एक प्रतिशत कमीशन की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। 

विज्ञापन
Postmortem of Kartik Popli will be done on monday
संजय पोपली और कार्तिक पोपली। - फोटो : फाइल

विस्तार

भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार पंजाब के सीनियर आईएएस संजय पोपली के 27 वर्षीय बेटे कार्तिक पोपली के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को पीजीआई में होगा। यूटी पुलिस ने विवादों से बचने के लिए यह कदम उठाया है। वहीं आईएएस संजय पोपली को बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भी परिवार अदालत में याचिका लगाएगा। फिलहाल कार्तिक का शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखा गया है।

विज्ञापन

 
आईएएस संजय पोपली के वकील मतविंदर सिंह के साथ रविवार को परिवार के सदस्यों ने दोपहर ढाई बजे तक घर में कानूनी राय ली। वकील मतविंदर सिंह ने कहा कि वह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने याचिका दायर करेंगे, जिसमें मांग करेंगे कि जेल सुपरिंटेंडेंट और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया जाए कि बेटे के अंतिम संस्कार में पिता संजय पोपली की जहां-जहां जरूरत हो मौजूद रहने की अनुमति दी जाए। शनिवार को आईएएस संजय पोपली के बेटे कार्तिक पोपली की गोली लगने से मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद कार्तिक के परिजनों ने विजिलेंस अधिकारियों और यूटी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए पुलिस ने पीजीआई में पोस्टमार्टम कराना उचित समझा है। 
विज्ञापन


मेडिकल बोर्ड की निगरानी में होगा पोस्टमार्टम
वकील मतविंदर सिंह ने कहा कि सोमवार को कार्तिक पोपली का पोस्टमार्टम हो सकता है। पोस्टमार्टम को लेकर परिवार की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई है और न ही ऐसी कोई मांग की गई है कि पोस्टमार्टम जीएमएसएच-16 या फिर पीजीआई में कराया जाए। उन्हें नहीं पता कि पोस्टमार्टम में देरी क्यों हो रही है लेकिन इसमें परिवार की कोई भूमिका नहीं है। इस संबंध में अभी तक पुलिस की तरफ से परिवार से संपर्क नहीं किया गया है। हमारी सिर्फ यही मांग है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट निष्पक्ष होनी चाहिए। उधर, यूटी पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी देने के लिए परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन घर पर कोई नहीं मिला। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पोपली की जमानत याचिका लगाएंगे परिजन
संजय पोपली के वकील मतविंदर सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में वह पोपली की जमानत याचिका लगाएंगे। ज्ञात हो कि संजय पोपली को 20 जून को नवांशहर में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए निविदाओं की मंजूरी के लिए एक फीसदी कमीशन के रूप में 7 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

विजिलेंस पर लगाए गए आरोप पर वकील ने चुप्पी साधी
वकील ने बातचीत के दौरान परिवार की तरफ से विजिलेंस पर लगाए गए हत्या के आरोपों को लेकर किसी तरह की शिकायत के सवाल पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार अभी सदमे में है और किसी तरह का कोई बयान देने की हालत में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने अभी तक परिजनों के बयान दर्ज नहीं किए हैं। 

रविवार होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई प्रबंधन को लिख दिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करा दिया जाएगा। - कुलदीप चहल, एसएसपी, यूटी

संजय पोपली को जीएमसीएच 32 से मिली छुट्टी

संजय पोपली को जीएमसीएच 32 से छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों ने उसे बीपी, हाइपरटेंशन, थायराइड और नॉन एल्कोहलिक फैटी लिवर संबंधी दवाइयां दी हैं। वहीं रिपोर्ट के अनुसार संजय पोपली ने बेचैनी और छाती में दर्द की शिकायत की थी। इससे पहले शनिवार की देर शाम उसे जीएमसीएच 32 की इमरजेंसी में लाया गया था। जहां साढ़े 4 घंटे तक चले परीक्षण के बाद उसे मेडिसिन इमरजेंसी के बेड नंबर 6 पर भर्ती किया गया था। डॉक्टरों के अनुसार उसे 8 साल से बीपी और हाइपरटेंशन की शिकायत है। वहीं वह 2 साल से थायराइड से ग्रस्त है। इसके अलावा उसे लिवर से जुड़ी परेशानी की भी आशंका जताई जा रही है। जिसमें डिस्लिपिडेमिया और नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर शामिल हो सकता है।

शनिवार को घटना के वक्त पंजाब विजिलेंस की टीम मौजूद थी। वह पोपली को लेकर चंडीगढ़ सेक्टर 11 स्थित कोठी नंबर 520 में जांच के लिए पहुंची थी। पोपली की पत्नी और कार्तिक की मां ने आरोप लगाया था कि पूछताछ के दौरान विजिलेंस टीम कार्तिक को प्रताड़ित कर रही थी। जब वह अपनी बात पर अड़ा रहा तो विजिलेंस टीम ने उसे गोली मार दी। कार्तिक के पिता संजय पोपली ने कहा- मेरे सामने मेरा बेटा मारा गया। मैं अपने बेटे की मौत का चश्मदीद गवाह हूं। 

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी कुलदीप चहल ने कहा था कि पूछताछ और जांच के लिए संजय पोपली को उनके घर ले जाया गया था। विजिलेंस टीम नीचे छानबीन कर रही थी। इस बीच कार्तिक ने ऊपर वाले कमरे में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। वहीं पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने इसके उलट बयान देते हुए कहा- जांच के बाद उनकी टीम लौट आई थी। उसके बाद कार्तिक ने खुद को गोली मारी है। चंडीगढ़ पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जांच में ही पता चलेगा कि कार्तिक ने आत्महत्या क्यों की। 

बेटे की मौत के बाद संजय पोपली की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें चंडीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शनिवार को रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें मोहाली की अदालत में पेश करना था। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 21 जून को पोपली को नवांशहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के टेंडर की मंजूरी देने के लिए एक प्रतिशत कमीशन की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। कार्तिक वकालत करने के बाद प्रशासनिक और न्यायिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।  

मां ने लगाए थे ये आरोप  

कार्तिक की मां श्री का आरोप है कि दोपहर में जब विजिलेंस की टीम संजय को लेकर घर पहुंची तो उन्हें और घर के 80 वर्षीय बुजुर्ग समेत अन्य सदस्यों को बाहर निकाल दिया गया। कार्तिक, संजय और विजिलेंस की टीम ऊपर ही थी। दोनों के बीच बहस हो रही थी। जब वह ऊपर कमरे में देखने गईं तो विजिलेंस टीम के एक सदस्य ने उनके बेटे की कनपटी पर पिस्टल तान रखी थी। उन्होंने संजय को पुकारा तो पुलिस ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इस बीच अंदर कमरे में गोली चलने की आवाज आई। ऊपर जाकर देखा तो कार्तिक खून से लथपथ पड़ा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed