{"_id":"66ccaccd823e94b12c062527","slug":"politics-heated-up-in-haryana-on-kangana-ranaut-statement-on-farmers-bku-aap-and-congress-target-bjp-2024-08-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kangana Ranaut: कंगना के बयान पर हरियाणा में भी सियासत गरम, भाकियू, आप व कांग्रेस ने भाजपा को घेरा, लगाए आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kangana Ranaut: कंगना के बयान पर हरियाणा में भी सियासत गरम, भाकियू, आप व कांग्रेस ने भाजपा को घेरा, लगाए आरोप
Mon, 26 Aug 2024 09:56 PM IST
अंकेश ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Mon, 26 Aug 2024 09:56 PM IST
सार
बॉलीवुड अभिनेत्री व भाजपा सांसद कंगना रनौत के किसानों को लेकर दिए गए बयान के विरोध की आग अब हरियाणा में भी पहुंच गई है। कंगना को लेकर सभी विरोधी दल भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।
विज्ञापन
हिमाचल के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत (फाइल)
- फोटो : pti
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत की ओर से किसानों पर दिए गए बयान पर अब हरियाणा में भी सियासत गरमा गई है। एक दिन पहले दिए गए बयान पर राजनीतिक दल और किसान नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसे बेहद शर्मनाक बताया है। इस बयान पर सभी ने भाजपा पर निशाना साधा और कंगना पर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने कंगना को बर्खास्त करने की मांग की। वहीं, गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि कंगना केवल और केवल पब्लिसिटी चाहती हैं, इसलिए गलत बयान देती हैं। उनका कोई स्तर नहीं है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने भी बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए कंगना रनौत पर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
चुनाव से पहले यह भाजपा का षड्यंत्र : रतन मान
भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने कहा कि ये शर्मनाक है। इससे पहले भी कंगना किसानों को लेकर गलत बयानबाजी कर चुकी हैं, लेकिन भाजपा ने उन पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह के बयान दिलाकर भाजपा हरियाणा का माहौल खराब करने का षड्यंत्र रच रही है। लेकिन हरियाणा के किसान समझदार हैं और इस प्रकार के भ्रमजाल में नहीं फसेंगे।
विज्ञापन
यह बेहद शर्मनाक : डॉ. सुशील गुप्ता
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कंगना रणौत के बयान को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कंगना पहले भी किसानों पर गलत बयानबाजी करती रही है। अब फिर उसने किसानों के खिलाफ जहर उगला है। भाजपा में किसानों को गालियां देने वालों को पदों से नवाजा जाता है। भाजपा नेता जेपी दलाल ने भी किसानों की बहू-बेटियों पर शर्मनाक बयान दिया था।
किसानों पर ऐसी टिप्पणी ठीक नहीं : हुड्डा
कंगना द्वारा किसानों पर की गई टिप्पणी कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने निंदा की। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा के किसान देश के लोगों का पेट पालते हैं। जिम्मेदार पदों पर बैठे किसी भी शख्स को ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनीत पुनिया ने कंगना के बयान पर आपत्ति जताते हुए इसकी भर्त्सना की है। कहा कि देश के किसानों के प्रति भाजपा की नफरत भरी विचारधारा बार-बार उजागर हो रही है।