फरीदकोटः इंसाफ के लिए धरने पर बैठी यौन शोषण पीड़िता महिला डॉक्टर, पुलिस ने जबरन उठाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के अधीन गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के यौन शोषण मामले की पीड़ित महिला डॉक्टर शुक्रवार सुबह अपनी चार पांच महिला साथियों के साथ डीसी दफ्तर के मेन गेट के समक्ष धरने पर बैठ गई। पीड़िता ने रोष जताया कि लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
धरने की सूचना मिलते ही डीएसपी गुरप्रीत सिंह समेत पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और महिला डॉक्टर व उसकी साथी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि दो घंटे के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। पीड़ित महिला डॉक्टर ने बताया बीती 20 अगस्त को सिविल व पुलिस प्रशासन के पास शिकायत दी थी।
शिकायत पर डिप्टी कमिश्नर कुमार सौरभ राज ने एडीसी परमजीत कौर की अगुवाई में जांच कमेटी का गठन किया गया था, जिसे 2 दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट डीसी को देनी थी। चार दिन ज्यादा होने के बाद भी न तो रिपोर्ट का कोई पता है और न ही कोई जानकारी दी जा रही है। मौके पर पहुंचे डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने रोष धरना देने के लिए जगह तय की हुई है और कोई भी जत्थेबंदी अपनी मनमर्जी से कहीं भी धरने पर नहीं बैठ सकती।
जब पीड़िता महिला डॉक्टर व उसकी साथी महिलाएं धरने से नहीं उठी तो पुलिस ने उन्हें जबरन धरने से उठाया और हिरासत में लेकर उन्हें थाना कोतवाली ले गई। उल्लेखनीय है महिला डॉक्टर के यौन शोषण मामले को लेकर सामाजिक जत्थेबंदियों ने उसे न्याय दिलाने और आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर जबर विरोधी एक्शन कमेटी का गठन किया हुआ है। एक्शन कमेटी पहले से ही पिछले 21 दिनों से मिनी सचिवालय रोड पर बेमियादी रोष धरना दे रही है। इस रोष धरने में पीड़ित महिला डॉक्टर भी शामिल होती है।
डीसी दफ्तर का घेराव करेगी एक्शन कमेटी
एक्शन कमेटी 7 दिसंबर को सुबह 11 बजे डिप्टी कमिश्नर दफ्तर का घेराव करेगी। कमेटी के प्रमुख सदस्य राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला ने आरोप लगाया कि पीड़िता का इंसाफ दिलाने की जगह प्रशासन आरोपियों का बचाव कर रहा है। उन्होंने बताया घेराव के प्रोग्राम में राज्य भर से विभिन्न जत्थेबंदियों के कार्यकर्ता शामिल होंगे और प्रशासन व आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा।