Punjab: नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, प्रदेशभर में चलाया सर्च अभियान, भारी मात्रा में मिला मादक पदार्थ
पुलिस ने वाहनों की जांच की और कई के चालान भी काटे। संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी भी ली। पुलिस ने एक गाड़ी से आठ लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने इसके बारे में आयकर विभाग को जानकारी दे दी है ताकि आगे की कार्रवाई वह कर सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में मंगलवार का दिन छापों के नाम रहा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैंगस्टरों के ठिकानों पर छापेमारी की तो वहीं केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदामों, अनाज मंडी व किसान नेताओं के घरों पर दबिश दी। इस बीच पंजाब पुलिस ने भी नशे के खिलाफ मोर्चा खोला और विभिन्न जिलों में तलाशी अभियान चलाया।
जालंधर के काजी मंडी इलाके को सील कर नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस सर्च ऑपरेशन चलाया। यह ऑपरेशन एडीजीपी आरके जयसवाल की अगुवाई में चलाया गया। इस दौरान 20 नशा तस्करों को काबू कर 19 मामले दर्ज किए गए। वहीं 205 ग्राम हेरोइन भी बरामद की गई। काजी मंडी का क्षेत्र नशे के कारण बदनाम है।
डीसीपी जसकरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि एक टीम का गठन किया गया था। इसमें आठ थानों के प्रमुख और 143 पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया। टीम ने काजी मंडी इलाके को पूरी तरह से घेर लिया और घरों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान 61 ग्राम नशीला पाउडर और 100 नशीली गोलियां भी बरामद की गईं।
पटियाला में आठ गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा बरामद
पटियाला पुलिस ने मंगलवार को बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। खास तौर से पटियाला व नाभा हलकों के इलाकों में तलाशी ली गई। इस दौरान सात मुकदमे दर्ज करके आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 5320 नशीली गोलियां, 60 ग्राम हिरोइन और 40 बोतल अवैध शराब बरामद की गईं। एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि इस ऑपरेशन में जिले के सभी थानों के प्रभारियों व उनकी टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस की ओर से जिले के विभिन्न इलाकों के करीब 30 होटलों की चेकिंग भी की गई।
नशे के खिलाफ मुहिम: शहर को चार जोन में बांट जांच करने पहुंचे एडीजीपी
लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस को चार जोन में बांटा गया। सर्च ऑपरेशन की अगुवाई एडीजीपी एमएफ फारुकी ने की। उनके साथ पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू के अलावा कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सीनियर पुलिस अधिकारियों ने इस्लामगंज, अमरपुरा, ईसा नगरी पुली के साथ-साथ सैंसी मोहल्ला में जांच अभियान चलाया।
नशे में संलिप्त लोगों के घरों में एडीजीपी पहुंचे और पारिवारिक सदस्यों से बातचीत की गई। एडीजीपी ने परिवार वालों को बोला कि वह बच्चों को नशे के काम में संलिप्त न होने दें और वह अपनी सही जिंदगी में लौटे। इसके साथ लोगों से भी अपील की गई कि अगर उनके एरिया में कोई नशीला पदार्थ सप्लाई करने का धंधा करता है तो कमिश्नरेट पुलिस को सूचना दी जाए ताकि पुलिस सही समय पर कार्रवाई कर सके।
पुलिस ने वाहनों की जांच की और कई के चालान भी काटे। संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी भी ली। पुलिस ने एक गाड़ी से आठ लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने इसके बारे में आयकर विभाग को जानकारी दे दी है ताकि आगे की कार्रवाई वह कर सके।
पठानकोट में 24 गिरफ्तार
पठानकोट में ऑपरेशन कासो (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) के तहत पठानकोट पुलिस ने तीन सब डिवीजनों में भारी फोर्स के साथ सर्च अभियान चलाया। पठानकोट पुलिस ने 24 लोगों को नशीले पदार्थों समेत गिरफ्तार किया। एक चोरी की कार भी बरामद की। पठानकोट के एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख खुद तीनों जगह चल रही सर्च में मौजूद रहे। एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन कासो के तहत सुजानपुर, पठानकोट और नरोट जैमल सिंह सब डिवीजन में 13 हॉटस्पॉट में सर्च अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि धारकलां सब डिवीजन के अधीन कस्बा सुजानपुर में अवैध शराब के लिए बदनाम मोहल्ला प्रेमनगर में छापेमारी कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया।
पठानकोट सब डिवीजन में छह लोगों को राउंडअप किया गया। इसके साथ ही नरोट जैमल सिंह के गांव पहाड़ीपुर, घरोटा और जंगल भवानी में भी पुलिस की टीमों ने छापेमारी कर कई लोगों को राउंडअप किया। वहां से पुलिस ने एक चोरी की कार भी बरामद की।
एसएसपी खख ने बताया कि सर्च ऑपरेशन में कुल 165 संदिग्ध व्यक्तियों को नशीली दवाओं से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने पर पूछताछ की गई। सभी सर्च टीमों ने ऑपरेशन में मादक पदार्थों के तस्करी में शामिल 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और 23 मामले दर्ज किए गए। आरोपियों से 3 लाख 6 हजार 750 एमएल अवैध शराब भी मिली है। इसके अलावा 50 लीटर लाहन, 356 ग्राम हेरोइन, 27 ग्राम नशीला पाउडर व 90 ग्राम चरस भी बरामद की गई।
अबोहर: हिम्मतपुरा गांव से महिला व पुरुष 810 नशीली गोलियों समेत काबू
अबोहर में थाना बहाववाला पुलिस ने एक महिला व पुरुष को 810 नशीली गोलियां सहित काबू करने में सफलता हासिल की। वहीं दो संदिग्ध मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। डीएसपी विभोर शर्मा ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान गांव हिम्मतपुरा में नशे के कारोबार से जुड़े लोकेश कुमार व सिमरनजीत कौर को 810 नशीली गोलियों समेत गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के खिलाफ पहले भी नशीले पदार्थ बेचने के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गांव के ही एक घर में खड़ी बिना नंबर की दो संदिग्ध मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
बठिंडा में बड़ी कामयाबी, भारी मात्रा में मिला नशीला पदार्थ
बठिंडा पुलिस ने नशा तस्करों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ मंगलवार को जिलेभर में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान बठिंडा शहर की धोबियाना बस्ती, संगत मंडी व मौड़ मंडी के इलाकों में आईजी एसके वर्मा व एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना की अगुवाई में 400 पुलिस कर्मियों की टीम ने छापामारी की। इस दौरान दो एसपी व छह डीएसपी पूरे अभियान की देखरेख कर रहे थे। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं नौ लोगों पर केस दर्जकर उन्हें गिरफ्तार किया। इनके पास से 6500 किलोग्राम पोस्त के पौधे, 350 नशीली गोलियां, 15 ग्राम हेरोइन, छह किलो गांजा और 80 चोरी के मोबाइल मिले हैं।