कोरोना योद्धाओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत, उल्टा पड़ा दांव तो रेडक्रॉस कर्मी ने मांगी माफी
रेडक्रॉस के कर्मचारियों और कोरोना योद्धाओं (स्वयंसेवक) के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। स्थिति यह है कि मामला अब थाने तक पहुंच गया है। रेडक्रॉस के एक कर्मचारी ने बुधवार को सेक्टर-11 थाने में कोरोना योद्धाओं के खिलाफ अभद्रता की शिकायत दे दी। वहीं, कोरोना योद्धाओं ने भी महिला साथी के साथ अभद्रता करने की शिकायत पुलिस में दे दी। इसके बाद खुद को घिरता देख रेडक्रॉस के कर्मचारी ने माफीनामे के साथ अपनी शिकायत वापस ले ली।
वहीं, पुलिस ने भी सुलह करने में समझदारी की बात कहते हुए मामले को सुलझा दिया। बता दें कि अमर उजाला ने कोरोना योद्धाओं के साथ हुई अभद्रता के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद एडवाइजर मनोज परिदा ने मामले की जांच कराने को कहा था। रेडक्रॉस में कोरोना योद्धाओं के साथ हुई अभद्रता के मामले में न्याय मिलने की बजाय पुलिस थाने तक घसीटा जा रहा है।
गुरुवार को रेडक्रॉस में कॉल ऑपरेटर के रूप में तैनात वरिंदर सिंह ने इन कोरोना योद्धाओं के खिलाफ सेक्टर-11 थाने में शिकायत देते हुए कहा कि उन्होंने उनके साथ अभद्रता की है। मामले की सूचना पुलिस ने कोरोना योद्धाओं को दी और थाने में आने को कहा। कोरोना योद्धा रोहित कुमार के साथ थाने पहुंच गए और महिला साथी के साथ हुई अभद्रता के बारे में पुलिस को बताया।
पुलिस ने जब वरिंदर सिंह से इस संबंध में पूछा तो उसने कहा कि मेरे साथ मारपीट हुई है। पुलिस ने पूछा कि चोट के निशान कहां हैं तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। इसके बाद वरिंदर सिंह ने खुद को घिरता देख तत्काल माफी मांग ली। लिखित में पुलिस को माफीनामा देकर उसने मौके से निकलना बेहतर समझा। पुलिस ने वरिंदर सिंह को इस तरह झूठी शिकायत न देने की हिदायत दी।
बड़ी बात यह है कि इस संबंध में रेडक्रॉस के अधिकारियों को भनक तक नहीं है और कोरोना योद्धाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। ज्ञात हो कि कोरोना संक्रमित शवों को उठाने के कारण इन स्वयंसेवकों का रेडक्रॉस की रसोई में घुसना बंद कर दिया गया था।
यह स्वयंसेवक अपने हाथ से पानी न ले सकें, इसलिए रसोई में ताला लगा दिया गया है। जब इस मामले में रेडक्रॉस के सेक्रेटरी सचिन राणा शिकायत की गई तो उन्होंने मामला टालते हुए कहा कि कोई बात नहीं। सदस्यों का कहना है रेडक्रॉस में चल रही मनमानी के खिलाफ आवाज उठाने पर हमारे साथ यह अभद्रता की जा रही है।
इस मामले की मुझे अभी कोई जानकारी नहीं है। ऐसा कुछ है तो शुक्रवार को को एडीसी से मामले में चर्चा की जाएगी। कोरोना योद्धाओं के साथ किसी प्रकार की कोई अभद्रता नहीं होगी। कहीं कोई कमी होगी तो उसे तत्काल दूर कराएंगे। -केके यादव, कमिश्नर नगर निगम व प्रभारी डीसी