अमृतसर हादसाः ट्रेन को पलटाने की थी योजना, लोगों ने खोले पटरी के कुंडे
अमृतसर के जौड़ा फाटक के पास रेलवे की खूनी पटरी पर एक बार फिर से खूनी खेल खेलने की योजना तैयार की गई थी। इसका खुलासा तब हुआ जब पटरी के एक दर्जन कुंडे खुले मिले। अमर उजाला टीम ने पटरी से अलग हुए कुंडों को देखा तो इसकी जानकारी आरपीएफ के अधिकारियों को दी। रविवार को जब अमर उजाला की टीम घटनास्थल पर पहुंची थी तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई।
मालूम होता है कि ट्रैक पर एक बार फिर से खूनी खेल की योजना थी। शरारती तत्वों ने ट्रैक के बीच से कई कुंडे निकाल दिए थे। अगर कुंडों पर नजर नहीं जाती और पटरी पर ट्रेन चली जाती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। अमर उजाला की सूचना के बाद आरपीएफ की टीम ने पटरी की जांच की तो करीब 200 मीटर के दायरे में करीब एक दर्जन कुंडे निकाल दिए गए थे। इससे पटरी ढीली हो गई थी।
सूत्रों के अनुसार कुंडों को हाथ से निकालना आसान नहीं है। इसके लिए हथौड़े का इस्तेमाल किया गया है। आरपीएफ और पुलिस की तरफ से कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दे दी गई है। इस पटरी पर पिछले 45 घंटे से यातायात ठप है।
लोग ट्रेन न चलने देने की देते रहे हैं चेतावनी
लोगों की तरफ से लगातार चेतावनी दी जा रही है कि इस पटरी पर दोबारा कोई ट्रेन नहीं चलने दी जाएगी। लोगों द्वारा इसे लेकर धरना भी दिया गया। लगता है इसी दौरान शरारती तत्वों ने कुंडे निकालकर पटरी को ढीला कर दिया। कुंडे खासकर उस स्थान पर अधिक निकाले गए थे, जहां पर लोग मारे गए थे।