जानें-पठानकोट के नाम से क्यों घबराता है पाक, 1971 में 53 बार किया हमला, अब निकलेगा दम
- 1971 के युद्ध में पठानकोट एयरबेस पर हुआ था 53 बार हमला।
- 1965 युद्ध में भी पाक ने इस एयरबेस को बनाया था निशाना।
- जनवरी 2016 में इसी एयरबेस में जैश के आंतकियों ने किया था हमला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन हमेशा पाकिस्तान को अखरता रहा है। यह एयरफोर्स स्टेशन देश की सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। युद्ध के दौरान भी यही एयरफोर्स स्टेशन हमेशा से पाकिस्तान के लिए बड़ी सिरदर्दी का सबब बना है।
यही वजह है कि दो जनवरी 2016 की मध्यरात्रि को पाक समर्थित आतंकी संगठनों ने पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन को ही अपना निशाना बनाया था। अब इस एयरफोर्स स्टेशन को अपाचे की स्क्वॉड्रन मिलने के बाद से सामरिक रूप से इसकी महत्ता और बढ़ गई है।
भारत-पाक के बीच हुई दो लड़ाइयों के दौरान इसी एयरफोर्स को निशाना बनाते हुए पाकिस्तान एयरफोर्स ने एयर स्ट्राइक की थी। इस एयरफोर्स स्टेशन पर अभी मिग-21, मिग-29, एमआई-35 हेलीकॉप्टर व फाइटर जेट्स विमान मौजूद हैं। एयरफोर्स के कुल 18 विंग है। बॉर्डर के नजदीक होने की वजह से उत्तर भारत में वायुसेना की हर जरूरत को इसी एयरफोर्स स्टेशन से पूरा किया जाता है।
यहां से पाकिस्तान के साथ-साथ चीन सीमा की निगरानी भी संभव है। कारगिल युद्ध के दौरान पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन ने पाकिस्तान की कमर तोड़ी थी। स्टेशन के सामरिक महत्व को देखते हुए हुई वायुसेना ने यहां पर अपाचे जैसे घातक हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं।
71 के युद्ध में पठानकोट एयरबेस पर हुआ था 53 बार हमला
अति संवेदनशील एयरफोर्स स्टेशन की सूची में शुमार पठानकोट एयरबेस पर 1971 की लड़ाई में 53 बार हमला हुआ था। 1971 के युद्ध में 3 दिसंबर की शाम 5.40 बजे पाकिस्तान की एयरफोर्स ने पठानकोट एयरबेस पर भारी बमबारी की थी। इस दौरान पाकिस्तान के छह लड़ाकू विमानों ने 53 बार हमला करते हुए बम गिराए थे।
इससे पहले 1965 में हुए भारत-पाक युद्ध के दौरान भी इस एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाते हुए बम बरसाए गए थे। 6 सितंबर 1965 में शाम 5 बजकर 35 मिनट पर पाक ने हमला करते एयरबेस के हैंगर में खड़े दो लड़ाकू विमानों को नुकसान पहुंचाया था।
जासूसी की जद में भी है पठानकोट एयरबेस
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन हमेशा पाक की जासूसी की जद में भी रहा है। पाकिस्तान इस स्टेशन की महत्ता को बखूबी जानता है, इसलिए पाक सेना के अफसर इस स्टेशन पर होने वाली हर हरकत और यहां होने वाली अफसरों की हर तैनाती की जानकारी लेने को बेताब रहते हैं। जासूसी के आरोप में यहां संदिग्ध पकड़े भी जा चुके हैं।