कीमती पार्सल कोरियर करने से पहले हो जाए सावधान, हो सकता है चोरी, जानें कैसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आप व्यवसायी हैं और रेलवे से सामान पार्सल करते हैं तो सावधान हो जाएं क्योंकि पार्सल किया गया सामान भी अब ट्रेन में सुरक्षित नहीं है। पार्सल किए गए सामान ट्रेन से गायब हो रहे हैं। ऐसे कई गिरोह सक्रिय हैं जो कालका-हावड़ा मेल के एसएलआर से लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर रहे हैं। बीते 15 दिसंबर को चंडीगढ़ से कालका मेल में लोड करीब 13 लाख रुपये का हेयर बंडल चोरी हो गए हैं। वहीं, सोमवार को 3 लाख के जैकेट चोरी हो गए। इसको लेकर कोरियर कंपनियों के संचालक काफी हताश हैं।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से लाखों के जैकेट्स चोरी
ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सक्रिय चोरों ने सोमवार को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से हावड़ा के लिए बुक साढ़े तीन लाख के जैकेट्स पर हाथ साफ कर दिया। कोरियर कंपनी के संचालक जगबीर सिंह ने बताया कि जब कालका मेल पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन का एसएलआर खाली था। जैकेट्स के पांच बंडल गायब थे। मंगलवार को ट्रेन हावड़ा पहुंची तो उसमें उनका पार्सल नहीं था। इसकी शिकायत उन्होंने रेलवे पुलिस को दी है।
रेलवे स्टेशन से 60 हजार की मेडिसिन चोरी
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से सोमवार को 60 हजार का मेडिसिन चोरी हो गई। व्यापारी संतोष ने बताया कि वह जयपुर इंटरसिटी में मेडिसिन के पार्सल की बुकिंग के लिए आए थे लेकिन ट्रेन कैंसल होने के चलते बुकिंग नहीं हो पाई। जब स्टेशन के प्लेटफार्म पर रखा मेडिसिन के गत्तों की चेकिंग की तो एक गत्ता मेडिसिन गायब था।
13 नवंबर को भी हुई थी, चोरी
कोरियर कंपनी के संचालक डीपी दुबे ने बताया कि 21 नवंबर को भी कालका मेल में 42 बंडल ह्यूमन हेयर रखवाए गए थे, लेकिन अगले दिन हावड़ा सिर्फ 29 बंडल ही पहुंचे। इनमें बुक किए गए 13 बंडल गायब थे। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में बंडल रखवाकर सील करने के बाद भी रास्ते से समान गायब होना काफी हैरान करने वाला है। उन्होंने बताया कि कालका मेल (12312) ट्रेन में चोरी की वारदात कोई पहली नहीं है। इससे पहले भी कई बार ट्रेन के एसएलआर से सामान चोरी हो चुके हैं। पार्सल चोरी होने की शिकायत रेल पीएम पोर्टल और रेल मंत्री पीयूष गोयल को दी गई है।
जांच के आदेश
नादर्न रेलवे के जीएम को डीपी दूबे ने कालका मेल में होने वाली चोरी के संबंध में ऑनलाइन शिकायत भेजी थी। मामले के संज्ञान में आते ही जीएम ने हावड़ा डिविजन को कार्रवाई के लिए रिमार्क कर दिया है।