पंजाब विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव का बिगुल बजा, 6 सितंबर को होगा मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव का बिगुल बज गया है। 6 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से मतदान होंगे। इस बार चुनाव में 16 हजार से अधिक युवा वोट डालेंगे। पीयू प्रशासन ने चुनाव को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। इस बार सिक्योरिटी के भी बंदोबस्त काफी मजबूत किए गए हैं। नवनियुक्त डीएसडब्ल्यू डॉ. जगत भूषण ने मंगलवार को डीपीआर कार्यालय में प्रेसवार्ता की।
उन्होंने पूरा चुनावी कार्यक्रम सामने रखा। उन्होंने कहा, चुनावों की औपचारिक घोषणा की जा रही है। 31 अगस्त को सभी उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो जाएंगे और उनकी लिस्ट लगा दी जाएगी। 30 अगस्त से नॉमिनेशन शुरू होंगे। छात्रों के प्रोटेस्ट के बीच चुनावों की घोषणा के सवाल पर उन्होंने कहा, चुनाव एक प्रक्रिया है, वह होनी है।
छात्रों को भी शांत करने के लिए प्रयास चल रहे हैं। पीयू में माहौल अच्छा रहेगा। इसमें सभी संगठन भी सहयोग करेंगे। इस बार चुनावी प्रक्रिया में कोई बदलाव करने के सवाल पर कहा, अभी तक कोई किसी प्रकार की शिकायत आदि नहीं मिली है, ऐसे में चुनाव पुरानी ही प्रक्रिया से होंगे लेकिन लिंगदोह कमेटी के नियमों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इस कमेटी के खिलाफ कोई भी जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर प्रो. अश्वनी कौल ने कहा, सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही हॉस्टलों में चेकिंग होगी। कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। सभी इसमें सहयोग करेंगे। एबीवीपी की तिरंगा यात्रा में बाहरी छात्रों के पहुंचने के सवाल पर बोले, इसकी जानकारी नहीं मिली है, इसका पता किया जाएगा।
उन्होंने कहा, रैली के लिए जगह तय कर दी गई हैं। एबीवीपी ने अपनी यात्रा के लिए पहले अनुमति ली थी। उन्होंने कहा, बाहरी छात्रों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। कोशिश की जा रही है कि जिन छात्रों को आईकार्ड नहीं मिले हैं उन्हें चुनाव से पहले मुहैया कराए जाएं।
ये है चुनावी कार्यक्रम
डेट कार्यक्रम
30 अगस्त सुबह 9.30 बजे से 10.30 तक नॉमिनेशन
30 अगस्त दोपहर 12 बजे विभागों की राय के लिए लिस्ट लगेगी
30 अगस्त दोपहर 12.30 बजे से ऑब्जेक्शन
31 अगस्त सुबह दस बजे अप्रूवड उम्मीदवारों की लिस्ट लगेगी
31 अगस्त सुबह 10.30 बजे के बाद नाम वापसी
31 अगस्त दोपहर 2.30 बजे फाइनल उम्मीदवारों की सूची जारी
6 सितंबर सुबह 9.30 बजे से चुनाव और शाम को मतगणना।
इनका करना होगा पालन
- चुनाव प्रक्रिया, नामांकन, चुनाव परिणाम अधिकतम दस दिनों में पूरे किए जाएंगे।
- प्रत्याशी बनने की योग्यता स्नातक छात्र के लिए 22 वर्ष, स्नातकोत्तर के लिए 25 वर्ष व शोध छात्र के लिए 28 वर्ष होनी चाहिए।
- प्रत्याशी यूनिवर्सिटी का नियमित छात्र हो।
- प्रत्याशी के लिए 75 फीसदी हाजिरी कक्षाओं में होनी चाहिए।
- किसी पर किसी प्रकार का कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो।
- चुनाव में अधिकतम एक प्रत्याशी पांच हजार रुपये खर्च कर सकेगा।
- व्यय या दूसरे नियमों के उल्लंघन पर चुनाव निरस्त।
- मुद्रित पोस्टर, पम्फलेट या प्रचार सामग्री के प्रयोग की अनुमति नहीं।
- प्रचार के लिए लाउडस्पीकर और वाहनों का प्रयोग नहीं होगा।
चुनावों की घोषणा होते ही छात्र संगठनों ने झोंकी ताकत
इस बार छात्र संघ चुनाव में 13 से अधिक संगठन हिस्सा ले रहे हैं। इसमें एबीवीपी, एसएफएस, एनएसयूआई, आइसा, पूसू, सोई, पीएसयू ललकार, हिमसू, आईएसए आदि शामिल हैं। जैसे ही चुनावों की घोषणा हुई तो सभी छात्र संगठनों ने प्रचार के लिए ताकत झोंक दी है। जानकारों का कहना है कि अभी तक मुकाबला त्रिकोणीय है। हालांकि अभी एबीवीपी ने अपना अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। जैसे ही घोषणा होगी उसके बाद ही समीकरण बनेंगे।