आठ नवंबर को पाक पीएम इमरान खान कर सकते हैं करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान 8 नवंबर को करतारपुर साहिब कॉरिडोर का उद्घाटन कर सकते हैं। नौ नवंबर को भारत से पहला जत्था करतारपुर कॉरिडोर से रवाना होगा। यह संभावना पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भाई तारा सिंह ने जताई है।
उन्होंने कहा है कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब और श्री गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में होने वाले धार्मिक समागमों के दौरान एसजीपीसी श्री हरमंदिर साहिब के हजूरी रागी जत्थों और कथावाचकों को पाकिस्तान भेजने का भी प्रबंध करे।
भाई तारा सिंह ने यह मांग महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर पाकिस्तान गए श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ गए एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ रूप सिंह और जत्थे के नेता गुरमीत सिंह के सामने रखी है। भाई तारा सिंह ने बताया कि नानकशाही कैलेंडर पर पीएसजीपीसी व एसजीपीसी में पैदा हुआ विवाद का निपटारा जल्द कर लिया जाएगा।
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर दुनिया भर से आने वाली संगत की रिहायश का प्रबंध देखने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान पंजाब के गवर्नर चौधरी मोहम्मद सरवर की अगुवाई में एक कमेटी का गठन कर दिया है। हिंदुस्तान से आने वाली संगत के वीजा का प्रबंध करने के लिए अलग कमेटी गठित की गई है।
पीएसजीपीसी इस बात का प्रयास कर रही है कि गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु श्री ननकाना साहिब के दर्शन भी कर सकें। प्रकाश पर्व के धार्मिक समागमों के आयोजन के लिए पीएसजीपीसी एसजीपीसी से सलाह करेगी। इसके लिए पाकिस्तान सरकार की अनुमति की जरूरत है।