करतारपुर कॉरिडोरः भारत-पाक के बीच वार्ता आज, बिना पासपोर्ट श्रद्धालुओं की एंट्री पर होगा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-पाकिस्तान के अधिकारी करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण कार्यों पर विचार-विमर्श करने के लिए अंतरराष्ट्रीय अटारी सीमा पर स्थित इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) पर आज बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में बिना पासपोर्ट करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए अनुमति दिए जाने पर भी चर्चा होगी। गौरतलब है कि एसजीपीसी सहित कई सिख संगठनों ने यह मांग उठाई है।
भारत द्वारा एयर स्ट्राइक किए जाने के बाद दोनों देशों में पैदा हुए तनाव के बीच यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। हालांकि यह बातचीत केवल करतारपुर कॉरिडोर तक ही सीमित रहेगी। भारतीय शिष्टमंडल की अगुवाई विदेश मंत्रालय के पाकिस्तान, अफगानिस्तान व ईरान डेस्क के संयुक्त सचिव दीपक मित्तल और गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनिल मलिक करेंगे।
वहीं पाकिस्तान शिष्टमंडल का नेतृत्व डायरेक्टर जनरल साउथ एशिया मोहम्मद फैसल करेंगे। पाकिस्तानी प्रतिनिधि मंडल आज वाघा सीमा से भारत में प्रवेश करेगा। वहीं पाकिस्तान शिष्टमंडल के एक सदस्य और दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास के डिप्टी हाई कमिश्नर सईद हैदर शाह देर शाम दिल्ली से अमृतसर पहुंचे गए।
किसी पाकिस्तानी पत्रकार को वीजा नहीं
इस बैठक की ब्रीफिंग साढ़े तीन बजे आईसीपी अटारी में होगी। केंद्र सरकार ने इस बैठक की कवरेज के लिए किसी भी पाकिस्तानी पत्रकार को वीजा जारी नहीं किया है।
पाकिस्तान ने यह दिया है प्रस्ताव
पाकिस्तान सरकार ने बीते महीने भारत सरकार के समक्ष एक प्रस्ताव रखा था। इसमें उन्होंने कहा था कि श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालु 15 यात्रियों के जत्थे में आएं और उनके पास पासपोर्ट होना चाहिए। उनके पास भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी क्लीयरेंस सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है। आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का एक डेटाबेस तैयार किया जाए। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां हर श्रद्धालु के बारे में जानकारी उसके आने के तीन दिन पहले पाकिस्तान को उपलब्ध करवाए।
एलपीएआई, नेशनल हाईवे और बीएसएफ अधिकारियों की बैठक
लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एलपीएआई) के अधिकारी अखिल सक्सेना ने राष्ट्रीय राजमार्ग व सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। एलपीएआई श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 90 करोड़ की राशि से एक यात्री टर्मिनल का निर्माण भी करेगी। केंद्र सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर के पहले चरण का काम इस वर्ष 11 नवंबर तक पूरा करने का दावा किया है।
श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व 12 नवंबर को मनाया जाएगा। वहीं करतारपुर कॉरिडोर के लिए अभी तक पंजाब सरकार भूमि अधिग्रहण नहीं कर पाई है। सरकार ने डेरा बाबा नानक में भूमि अधिग्रहण के लिए बुधवार को अखबारों में विज्ञापन दिए हैं।