Haryana: आठ आईएएस समेत 12 अफसरों के तबादले, मनीराम शर्मा आयुष्मान के सीईओ नियुक्त
आईएएस की ग्रेडेशन सूची में नंबर दो को लेकर हरियाणा सरकार फिलहाल कोई फैसला नहीं पाई है। उधर, सरकार ने आईएएस मनी राम शर्मा को आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और गृह विभाग का विशेष सचिव लगाया गया है।
विस्तार
मुख्य सचिव संजीव कौशल के रिटायर होने के अगले ही दिन हरियाणा सरकार ने वीरवार को आठ आईएएस समेत 12 अफसरों के तबादले और नियुक्ति के आदेश जारी किए। नए आदेशों के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीवीएसएन प्रसाद अब हरियाणा के पूर्णकालिक मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं।
बीते 15 मार्च को कौशल के छुट्टी पर चले जाने के बाद सरकार ने प्रसाद को कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया था। वहीं, हरियाणा सरकार ने उनसे वित्तायुक्त (एफसीआर) का कार्यभार ले लिया है। फिलहाल अभी तक इसे किसी को सौंपा नहीं गया है।
नए आदेशों के मुताबिक टीवीएसएन प्रसाद के पास सामान्य प्रशासन, मानव संसाधन, कार्मिक, प्रशिक्षण, संसदीय कार्य, सतर्कता विभाग और प्रभारी योजना समन्वय के सचिव की जिम्मेदारी के साथ उन्हें चीफ रेजिडेंट कमिश्नर, हरियाणा भवन, नई दिल्ली भी नियुक्त किया गया है। वहीं, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक और विशेष सचिव व राज्य शहरी आजीविका मिशन और राज्य अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मिशन निदेशक यश पाल की जिम्मेदारियां बढ़ा दी गई हैं। उनके वर्तमान कार्यभार के साथ भूमि जोत चकबंदी एवं भू-रिकार्ड व विशेष अधिकारी (मुख्यालय) एवं विशेष एलएओ व राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। सरकार ने नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे डॉ शालीन को पर्यटन विभाग का निदेशक और विशेष सचिव लगाया गया है।आमना तसनीम को कॉन्फेड का प्रबंध निदेशक और हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का सचिव नियुक्त किया है।
संगीता तेतरवाल श्रम आयुक्त नियुक्त
हरियाणा सरकार ने संगीता तेतरवाल को श्रम आयुक्त हरियाणा व श्रम विभाग का विशेष सचिव लगाया गया है। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे राम कुमार सिंह को अंबाला का जिला नगर आयुक्त और नगर निगम अंबाला का आयुक्त और नेहा सिंह को अतिरिक्त रेजिडेंट कमीश्नर हरियाणा भवन नई दिल्ली नियुक्त किया गया है। वहीं, स्थानांतरित एचसीएस अधिकारियों में नवीन कुमार आहुजा को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला का सचिव, विरेंद्र चौधरी को सहकारी चीनी मिल, शाहबाद का प्रबंध निदेशक, डॉ. इंद्र जीत को हरियाणा पर्यटन विकास निगम का महाप्रबंधक, राजीव प्रसाद को संयुक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त हरियाणा नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठा सूची पर नहीं हो सका फैसला
आईएएस अफसरों की वरिष्ठता को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। इस वजह से सरकार ने एफसीआर का कार्यभार किसी अधिकारी को नहीं सौंपा गया है। आम तौर पर राज्य के दूसरे सबसे वरिष्ठ आईएएस को एफसीआर का पद सौंपा जाता है। आईएएस ग्रेडेशन सूची के मुताबिक टीवीएसएन प्रसाद के बाद नंबर दो पर आईएएस विवेक जोशी है, मगर वह केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। उसके बाद तीसरे नंबर 1990 बैच के सुधीर राजपाल हैं। मौजूदा सूची के मुताबिक वही, राज्य में दूसरे नंबर के आईएएस हैं। मगर 90 बैच के दूसरे आईएएस अंकुर गुप्ता व राजा शेखर वुंडरू ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उनकी वरिष्ठा पर आपत्ति जताई है। उनकी दलील है कि वह राजपाल दूसरे कैडर से हरियाणा में आए हैं। इस वजह से उन्हें वरिष्ठता की सूची में नीचे रखा जाना था। मुख्य सचिव ने सबकी व्यक्तिगत सुनवाई कर ली है। मगर इस पर फिलहाल कोई फैसला नहीं हो सका है। यदि सुधीर राजपाल वरिष्ठता सूची में दूसरे नंबर पर रहते हैं तो उनके चीफ सेक्रेटरी बनने के चांस बढ़ जाएंगे। मौजूदा मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद अक्तूबर में रिटायर हो रहे हैं।