आप ने कहा- झूठ का पुलिंदा हैं तीन साल की उपलब्धियां, कैप्टन पर सांपला का तंज- ‘झूठा है तेरा वादा’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब सरकार के सोमवार को तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री द्वारा किए गए उपलब्धियों के दावों को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्य सरकार पर तीखा हमला किया है। पार्टी के सीनियर नेता और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि जो झूठ का पुलिंदा सरकार ने इस बजट सत्र के दौरान पंजाब के राज्यपाल की ओर से विधानसभा में बुलवाया था, उसी झूठे और गुमराह करने वाले पुलिंदे को और मिर्च-मसाला लगाकर मुख्यमंत्री ने सोमवार को अंग्रेजी में दोहरा दिया।
चीमा ने कहा कि कांग्रेस और अकाली-भाजपा के रूप में पंजाब को 1992 से लगातार निकम्मी सरकारें मिली हैं, जिन्होंने देश के सबसे खुशहाल और बजट सरप्लस राज्य को कर्जदार कर दिया। सरकार खुद 2.5 लाख करोड़ का कर्ज पंजाब पर स्वीकार करती है लेकिन वास्तव में यह कर्ज 4 लाख करोड़ से ऊपर है, क्योंकि बादलों की तरह कैप्टन सरकार भी मार्कफेड, पनसप आदि निगमों के नाम पर उठाए जा रहे कर्ज को सार्वजनिक नहीं कर रही। चीमा ने कहा कि कैप्टन सरकार के तीन वर्षों के राज तरक्की या विकास की वकालत नहीं कर रही।
राज्य की जीएसडीपी 6.9 प्रतिशत से लुढ़ककर 6.0 प्रतिशत पर आ गई जबकि 7.8 प्रतिशत के साथ बेरोजगारी की दर देशभर में से सबसे अधिक हो गई है। इसी तरह साल 2016-17 में 6.3 प्रतिशत के मुकाबले खेती की विकास दर 2018-19 में केवल 2.3 प्रतिशत और मैनुफैक्चरिंग विकास दर क्रमवार 6.1 प्रतिशत से कम होकर 5.8 प्रतिशत रह गई है। चीमा ने कहा कि जो राज्य या देश कर्जे की किश्तें और ब्याज लौटाने के लिए नए कर्जे ले रहा हो, वहां तरक्की और विकास की बातें लोगों को गुमराह करने के लिए ही की जाती हैं।
कैप्टन पर सांपला का तंज, ‘झूठा है तेरा वादा’
चुनावी वादों की झड़ी लगाकर, पंजाब की जनता को बहला-फुसलाकर मुख्यमंत्री बने कैप्टन अमरिंदर सिंह तीन साल बीतने के बाद भी वादे ही कर रहे हैं। पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला ने सोमवार को पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर न सिर्फ यह टिप्पणी की, बल्कि यह भी कहा कि उन्हें 1970 की फिल्म दुश्मन में किशोर कुमार द्वारा गाया गीत याद आ गया- ‘झूठा है तेरा वादा, वादा तेरा वादा...।’
सांपला ने बयान जारी कर कहा कि कैप्टन अब वादा कर रहे हैं कि बरगाड़ी के दोषियों को सजा दिलवाएंगे, वादा कर रहे हैं कि हर तरह के माफिया को खत्म करेंगे, वादा कर रहे हैं कि कई लाख नौकरियां देंगे।
सांपला ने कहा कि पंजाब की भोली-भाली जनता कैप्टन के झूठे चुनावी वादों से बुरी तरह मारी गई है। चुनाव घोषणा पत्र के 225 वादों को पूरा करने के कैप्टन के दावे को सरासर झूठ करार देते हुए सांपला ने कहा कि वे कैप्टन को चुनौती देते हैं कि 225 तो क्या केवल 25 चुनावी वादे बता दें, जो उनकी सरकार ने पूरे किए हों। सांपला ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह झूठ बोलते हुए, मेडिकल कॉलेज खोलने या हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिक खोलने की केंद्रीय योजनाओं को भी अपनी कामयाबी बता रहे हैं।