पंजाब: बुजुर्ग की छड़ी गाड़ी से टकराई तो चालक ने निर्ममता से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार
पंजाब के पंचकूला से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां सैर कर रहे बुजुर्ग की छड़ी एक गाड़ी से टकरा गई इससे गुस्साए चालक ने बुजुर्ग को निर्ममता से पीटा। बुजुर्ग हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा और आरोपी पीटता रहा। घटना का वीडियो वायरल हो गया, डीजीपी के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचकूला में घर के बाहर सैर कर रहे एक बुजुर्ग की छड़ी इनोवा गाड़ी से क्या टकराई, कार चालक ने डंडे से उनकी बुरी तरह पिटाई कर डाली। लोग समझाते रहे मगर गाड़ी चालक ने एक नहीं सुनी। बुजुर्ग उसके सामने हाथ जोड़कर गिडगिड़ाता रहा। मगर चालक का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
घटना का वीडियो वायरल हुआ तो आला अधिकारियों के आदेश पर सेक्टर-11 निवासी आरोपी मनोज कुमार को केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। 70 वर्षीय राम स्वरूप कालरा सेक्टर-11 के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि एक आंख का ऑपरेशन होने के कारण उन्हें बहुत कम दिखाई देता है।
सोमवार को वह घर के बाहर छड़ी के सहारे सैर कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी आई और निकलने की जगह कम होने के कारण उनकी छड़ी गाड़ी के पिछले हिस्से से टकरा गई। इससे गाड़ी पर निशान पड़ गए। गुस्साते हुए चालक मनोज गाड़ी से उतरा और छड़ी छीनकर पीटने लगा।
उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए गुहार लगाई कि उन्हें कम दिखाई देता है। मगर मनोज नहीं माना और गालियां देते हुए उन्हें पीटता रहा। यह देख वहां लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने भी मनोज को बुजुर्ग की उम्र और बीमारी का हवाला देकर समझाया, लेकिन उसका क्रोध कम नहीं हुआ। बुजुर्ग मनोज के पैरों पर गिर पड़ा फिर भी वह पिटाई करता रहा। काफी देर बाद मनोज वहां से रवाना हुआ।
वीडियो हुआ वायरल तो पुलिस ने की कार्रवाई
मनोज की इस क्रूरता का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर वायरल कर दिया। घटना के चार दिन बाद यह वीडियो डीजीपी के पास पहुंचा तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने बुजुर्ग की निर्ममता से पिटाई करने वाले शख्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए। पुलिस भी सक्रिय हुई और शाम तक सेक्टर-5 थाना पुलिस ने आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 323, 294 व 506 के तहत केस दर्ज कर लिया। वह बीमा कंपनी में सर्वेयर है।
कोई और न करे ऐसा दुस्साहस, दिलाएंगे कड़ी सजा
पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दोबारा ना हो इसलिए आरोपी मनोज कुमार को कड़ी सजा दिलवाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही बीमा कंपनियों को पत्र लिखकर उसकी इस हरकत के लिए कार्रवाई कराने के लिए कहा जाएगा।