फरमानः 21 जून को योगा, पंजाब में नहीं होगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के स्कूलों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस नहीं मनाने का फैसला किया है। विभाग का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब प्रदेश की राजनीति में शिअद और भाजपा के बीच दविंदर पाल सिंह भुल्लर को लेकर खटास बढ़ी है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का श्री आनंदपुर साहिब का प्रस्तावित दौरा भी अचानक ही रद्द हो गया है।
हालांकि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन फाजिल्का और अमृतसर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के उक्त फैसले के बारे में राज्य के शिक्षा मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा का कहना है कि पंजाब सरकार किसी पर भी योग के लिए दबाव नहीं बनाएगी।
प्रदेश के स्कूलों में इन दिनों गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में किसी बच्चे को योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए स्कूल में नहीं बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे किसी बच्चे को ऐसे किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजबूर नहीं करेंगे, जिसमें वे खुद हिस्सा लेना नहीं चाहते।
जिलों में आयोजित किए जाएंगे समारोह
गौरतलब है कि पिछले साल पांच सितंबर को अध्यापक दिवस के मौके पर पंजाब सरकार ने ही स्कूलों में अवकाश रद्द करके बच्चों को स्कूल आने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुनने को आदेश दिए थे।
यही नहीं दो अक्तूबर को महात्मा गांधी के जन्म दिवस के मौके पर मोदी सरकार की ओर से देश भर में स्वच्छता अभियान शुरू किए जाने पर भी पंजाब सरकार ने छुट्टी के बावजूद बच्चों को स्कूल आने के आदेश दिए थे।
उधर, 21 जून को अमृतसर में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और फाजिल्का में सेहत मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी योग दिवस के मुख्य समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
यह समारोह सुबह सात बजे से 7:35 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी कर कहा गया है कि वे अपने जिलों में भी ऐसे समारोह आयोजित करें।