अगले माह का बिजली बिल देगा जोरदार झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में अगले महीने का बिल देखकर बिजली उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका लग सकता है। वजह, बिजली निगम की ओर से बिलिंग सिस्टम को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आर-एपीडीआरपी के साथ जोड़ा जा रहा है।
इसके चलते इस बार का बिजली बिल नहीं आएगा। मई महीने में घरेलू उपभोक्ताओं को दो की बजाय तीन महीनों का, जबकि कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को दो महीनों का बिल एक साथ जमा करवाना होगा। फिलहाल इस योजना से जोड़ने के लिए उपभोक्ताओं का डाटा आर-एपीडीआरपी को ट्रांसफर किया जा रहा है, जिसमें कुछ वक्त लगने के आसार हैं।
शहरी उपभोक्ताओं को अबकी बार नहीं मिलेगा बिल
अप्रैल महीने का अंतिम सप्ताह चल रहा है, ऐसे में अभी तक बिजली उपभोक्ताओं को बिल नहीं बांटे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक इस बार बिजली बिल बांटे भी नहीं जाएंगे, क्योंकि बिजली बिलों के सिस्टम को ऑनलाइन करने के लिए आर-एपीडीआरपी स्कीम के साथ जोड़ा जा रहा है।
इस स्कीम के साथ जोड़ने से बिजली निगम ट्रांसफार्मरों और फीडरों पर बिजली व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर सकेगा। फिलहाल सारा डाटा आर-एपीडीआरपी में ट्रांसफर किया जा रहा है, इसलिए इस बार बिजली बिल नहीं बांटे जाएंगे। बल्कि अगली बार घरेलू उपभोक्ताओं को तीन महीने, जबकि कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को दो महीनों का बिल एक साथ भरना होगा।
आम उपभोक्ताओं को आएगी परेशानी
दो और तीन महीनों के बिल एक साथ आने के कारण बिजली के आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ सकती है। घरेलू उपभोक्ताओं को जहां तीन महीने का बिल एक साथ चुकाना पड़ेगा, वहीं कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को दो महीनों के बिल की भारी भरकम राशि अगले बिल में एक साथ चुकानी होगी। ऐसे में उपभोक्ताओं की जेब पर एक साथ काफी भार पड़ेगा।
वहीं बिजली निगम अधिकारियों का तर्क है कि हालांकि उपभोक्ताओं को एक बार परेशानी उठानी पड़ेगी, लेकिन उसके बाद सारा सिस्टम ऑनलाइन हो जाएगा, जिससे बिजली निगम की मॉनिटरिंग व्यवस्था सुदृढ़ हो जाएगी।
वर्जन
अबकी बार बिलिंग सिस्टम को आर-एपीडीआरपी स्कीम के साथ लिंक किया जा रहा है, जिसके चलते इस बार का बिजली बिल नहीं आएगा। इस स्कीम के साथ जुड़ने से उपभोक्ताओं और बिजली निगम दोनों को फायदा होगा।
बलवंत सिंह चौहान, चीफ इंजीनियर, बिजली निगम