छतबीड़ जू हादसाः केस में आया नया मोड़, मृतक के साथ था एक और व्यक्ति...लायन सफारी बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छतबीड़ जू के लायन सफारी में अज्ञात व्यक्ति की मौत के बाद इस केस में एक नया मोड़ आ गया है। शेर और शेरनी के हमले से मरने वाले अज्ञात मृतक के साथ एक और व्यक्ति था। जैसे ही शेरनी ने उस पर हमला किया, उसका साथी जो जू की दीवार के बाहर खड़ा था, मौके से फरार हो गया।
इसकी पुष्टि छतबीड़ जू प्रशासन ने की है। इसकी जांच के लिए पुलिस को जू प्रशासन की ओर से शिकायत दी गई है, कि यह दोनों व्यक्ति कहां के रहने वाले हैं और किस मंशा से छतबीड़ जू में दाखिल हुए थे।
छतबीड़ जू का लायन सफारी जांच तक रहेगा पर्यटकों के लिए बंद
अब छतबीड़ जू में आने वाले पर्यटक कुछ दिनों तक शेर युवराज, शेरनी शिल्पा व हेली की अठखेलियां नहीं देख पाएंगे। क्योंकि छतबीड़ जू प्रशासन ने अज्ञात व्यक्ति की मौत की जांच तक पर्यटकों के लिए लायन सफारी बंद करने का फैसला किया है। बता दें कि रविवार की दोपहर ढाई बजे के बाद पर्यटकों के लिए छतबीड़ जू का लायन सफारी बंद कर दिया गया था। इसके लिए जू के एंट्री गेट पर कंस्ट्रक्शन वर्क का बोर्ड लगाया गया था।
अब मामले की जांच करेगी पांच सदस्यीय एसआईटी टीम
छतबीड़ जू प्रशासन ने एक एसआईटी टीम गठित की है, जिसमें पांच पदाधिकारी शामिल हैं, जो इस हादसे की जांच करेंगे। इनमें रेंज ऑफिसर बलविंदर सिंह, हरदीप सिंह, गुरमित सिंह व ब्लॉक ऑफिसर मोहन और गगनदीप शामिल हैं।
युवराज और शिल्पा हादसे के बाद विचलित दिखे, खाना भी लेट खाया
इस हादसे के बाद युवराज शेर और शेरनी शिल्पा देर शाम तक विचलित दिखे। दोनों ने रात का खाना भी अपने निर्धारित समय पर नहीं खाया। वहीं सोमवार को उनकी हरकतें साधारण थीं। जू के डायरेक्टर एम सुधाकर ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति को मारने वाले एशियाई शेर जोड़े युवराज और शिल्पा को आदमखोर नहीं कहा जा सकता। क्योंकि उसने युवक को खाया नहीं है।
उनके मुताबिक बाघ ने सिर्फ अहाते में कूदने वाले युवक पर हमला किया और उसे मार दिया। अगर खा गए होते तो आदमखोर कहा जा सकता था। एशियन शेर जोड़े को फिलहाल नजरबंद कर दिया गया है।
कोई दस्तावेज नहीं मिला, पहचान के लिए पोस्टर जारी किया
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने कहा कि मृतक से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। उसकी उम्र करीब 26 साल है। उसने नीले रंग की पैंट्स और इसी रंग की टी शर्ट पहनी हुई है। युवक की पहचान के लिए पुलिस ने पोस्टर भी जारी कर दिया है।
क्या कहते हैं डायरेक्टर
जू के डायरेक्टर एम सुधाकर ने बताया कि इस हादसे की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। वहीं शक है कि अज्ञात मृतक के साथ एक और व्यक्ति भी था, जांच के लिए पुलिस को शिकायत दी गई है कि दोनों किस वजह से जू में दाखिल होने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा जाली को और ऊंचा किया जाएगा।
इसके अलावा दीवार की तरफ से जाने वाले रास्ते पर गेट लगाने के लिए मोहाली के डीसी से अनुमति ली जाएगी। वहीं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी जाएगी ताकि जंगल की तरफ आने और जाने वाले हर शख्स पर नजर रखी जा सके।