पंजाबः नवजोत सिद्धू को लेकर नई जानकारी आई सामने, अगला हफ्ता है बेहद अहम
विभाग बदले जाने से खफा पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू अगले हफ्ते अपना नया विभाग संभाल सकते हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 6 जून को अपने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया था।
इसके बाद बाकी मंत्रियों ने अपने नए विभागों का कामकाज संभाल लिया था लेकिन बदलाव से नाराज होकर सिद्धू इसकी शिकायत करने कांग्रेस आलाकमान के पास पहुंच गए थे।
उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिलकर कैप्टन अमरिंदर सिंह के फैसले की शिकायत भी की लेकिन आलाकमान का उन्हें कोई समर्थन नहीं मिल सका और नया विभाग ही संभालने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी आलाकमान के रुख को देखते हुए सिद्धू के तेवर काफी नरम पड़े हैं और अगले हफ्ते वे बिजली विभाग संभाल सकते हैं।
दरअसल, सिद्धू यह समझ गए हैं कि आलाकमान कैप्टन अमरिंदर सिंह के उक्त फैसले में कोई बदलाव नहीं करेगा। वहीं कैप्टन ने भी सिद्धू का विभाग बदलने को लेकर पार्टी अध्यक्ष को पहले ही विश्वास में ले लिया था। इस बीच, आलाकमान द्वारा कैप्टन और सिद्धू के बीच सुलह कराने की जिम्मेदारी सीनियर नेता अहमद पटेल को सौंप दी गई है। वो सोमवार को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं।
माना जा रहा है कि वे कैप्टन और सिद्धू से मुलाकात करेंगे और कोई अंतिम हल निकालने की कोशिश करेंगे। इसी के तहत सिद्धू को तुरंत नया कार्यभार संभालने को कहा जाएगा। वहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह बीमारी के कारण शनिवार को दिल्ली नहीं जा सके हैं। उन्होंने तीन दिन के लिए अपने सभी कार्यक्रम भी रद कर दिए हैं और अब वे बुधवार को राहुल गांधी से मिलने पहुंचेंगे।
दूसरी ओर, सिद्धू के बिजली विभाग का जिम्मा नहीं संभालने के कारण सूबे में किसानों को धान की रोपाई के लिए नियमित बिजली उपलब्ध कराने का फैसला लटक गया है। ऐसे में अहमद पटेल सबसे पहला काम यही करने वाले हैं कि सिद्धू नए विभाग का कामकाज संभाल लें।