इस्तीफे के बाद फिर दिल्ली पहुंचे 'गुरु', आलाकमान से मुलाकात के बाद तेवर पड़े नरम, फैसले पर निगाहें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को इस्तीफा सौंप चुके नवजोत सिंह सिद्धू गुरुवार को नई दिल्ली में आलाकमान के दरवाजे तक चक्कर काट आए हैं। उनके पीछे-पीछे मुख्यमंत्री के मुख्य राजनीतिक सलाहकार कैप्टन संदीप संधू भी दिल्ली पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, सिद्धू और संधू की आलाकमान से बंद कमरे में मुलाकात तो हुई लेकिन इसके बारे में बाहर कोई बात नहीं आ सकी है।
दिन भर की इस कवायद से यह कयास तेज हो गए हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे पर फिलहाल अंतिम फैसला होने में कुछ दिन और लग सकते हैं। बीते सोमवार सिद्धू ने जब मुख्यमंत्री के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर अपना इस्तीफा भिजवाया तो मुख्यमंत्री उस समय दिल्ली में थे। उन्होंने इस्तीफा मिलने की पुष्टि करते हुए कहा था कि वे चंडीगढ़ पहुंचकर पहले इस्तीफे का मजमून पढ़ेंगे और उसके आधार पर फैसला लेंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार देर शाम को चंडीगढ़ लौटे और यह माना जा रहा था कि गुरुवार को वे सिद्धू के इस्तीफे पर फैसला सुना देंगे। इस बीच, गुरुवार को मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर कैबिनेट मंत्रियों को चाय पर भी बुलाया। इस मौके पर सिद्धू के इस्तीफे के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हालांकि मुख्यमंत्री आवास से इस संबंध में विधिवत सूचना नहीं मिली।
दूसरी ओर, कांग्रेस आलाकमान के सूत्रों से पता चला है कि कुछ नेताओं को कैप्टन और सिद्धू के बीच सुलह कराने का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, गुरुवार को आलाकमान से मिलने के बाद सिद्धू काफी शांत दिखाई दिए और उन्होंने इस पूरे मामले में कोई बात सार्वजनिक नहीं की।
सुलह कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं में कैप्टन संधू भी शामिल हैं और वे इसी उद्देश्य से नई दिल्ली गए थे। इस तरह, सिद्धू के इस्तीफा पर फैसला पार्टी आलाकमान के निर्देश पर आकर ठहर गया है और आलाकमान इस मामले में अंतिम फैसला लेने से पहले एक अंतिम प्रयास भी कर लेना चाहता है।