वाड्रा के बहाने मोदी का सोनिया-हुड्डा पर निशाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के हिसार की चुनावी रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने राबर्ट वाड्रा के बहाने सोनिया गांधी और सीएम हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि हुड्डा जी ने मान लिया है कि हरियाणा में उनकी हार तय है।
हुड्डा ने दामाद जी को जमीन देने का काम फाइनल कर दिया है. उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए यह काम किया है, उनपर उपर से डंडा चला है, वे जानते हैं चुनाव के बाद हरियाणा में ये सब नहीं चलेगा। मुझे विश्वास है, चुनाव आयोग इस तरह के लाभप्रद निर्णयों पर जरूर गंभीरता से विचार करेगा।'
चौटाला पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि हरियाणा में सभी दल पैसे के ठेकेदार हैं और जेलों में जिंदगी गुजारते रहे हैं। रैलियां करके झूठ फैला रहे हैं। जेलों में बैठकर सत्ता पाने का सपना देख रहे हैं, फिर जिंदगी जेल में बीतने का रोना भी रो रहे हैं। क्या उन्हें नहीं पता कि जेलों में सजा मिलती है, सत्ता नहीं। मुझे जेलों में से सर्मथन की जरूरत नहीं। मुझे आपसे समर्थन चाहिए।
साफ-सुथरी सरकार है, साफ-सुथरी सरकार बनाऊंगा
मोदी ने कहा कि मेरी सरकार जनता के समर्थन से चल रही है। मुझे देश की सवा करोड़ जनता का साथ मिल गया है। अब मुझे जेलों से समर्थन नहीं चाहिए। गुंडों और माफियाओं का साथ नहीं चाहिए। मेरी सरकार साफ सुथरी है।
हरियाणा में भी साफ सुथरी सरकार बनाऊंगा। मोदी ने कहा कि मेरी सरकार विकास करने के लिए हरियाणा में चुनाव लड़ रही है। परिवारशाही का खात्मा करके लोकशाही स्थापित करने को चुनाव लड़ रही है। इसलिए झूठे, जेलों में बैठे लोगों की बातों में न आइए।
130 युवकों की शादियां किससे कराएगी कांग्रेस?
हरियाणा में लिंग अनुपात की स्थिति पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि देश के सबसे खराब लिंग अनुपात वाले 15 जिलों में से 9 हरियाणा के जिले हैं। पिछले 10 सालों में कांग्रेस यह स्थिति तो बदल नहीं पाई है, विकास क्या खाक करेगी।
हरियाणा में 1000 युवाओं पर 870 युवतियां हैं। बाकी 130 युवकों की शादी किससे कराएगी कांग्रेस। हरियाणा की स्थिति काफी खराब है. क्या बेटियों को कोख में मार देना सही है सरकार आंख बंद करके इसे देखती रही लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जायेगा। मोदी ने कहा कि हरियाणा की मां-बहनों का भाई दिल्ली में बैठा है। किसी भी बेटी को गर्भ में मरने नहीं दूंगा। मां-बहनों से यह वायदा करता हूं। हरियाणा को कन्या भ्रूण हत्या के कलंक से मुक्त करके रहूंगा।
कांग्रेस का कमल के बिना गुजारा नहीं
मोदी ने कहा मुझसे काम का हिसाब मांगने वालों को शर्म आनी चाहिए, वे जो काम 60 साल में नहीं कर पाये वह हमने 60 दिन में कर दिया। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहररू का 125 वां जन्म दिवस है। इस अवसर पर सरकार बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरुगक करने का काम करेगी। यह कार्यक्रम 19 नवंबर इंदिरा गांधी के जन्म दिवस तक चलेगा।
और अंत में मोदी की लोगो से अपील
साथ ही, एक विशेष आग्रह भी किया कि आप लोग रैली के बाद अपनी पानी की बोतलों को खुद ही उठाकर ले जाएंगे। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी की करनाल रैली के बाद लोग पानी की बोतलों को रैली स्थल पर ही फेंक गए, जिससे कि काफी गंदगी फैली थी। अमर उजाला.कॉम ने इस मुद्दे को सबसे पहले उठाया था।
कुरुक्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र बनाना है
हरियाणा में हिसार के बाद अब कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी की चुनावी रैली शुरू हो चुकी है। शुरुआत उन्होंने कुरुक्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र बनाने से ही है। मोदी ने कहा कि टैरेज्मि डिवाइड टूरिज्म, टूरिज्म डिवाइड टैरेज्मि, अर्थात टैरेज्मि बढ़ता है तो टूरिज्म खत्म होता है और टूरिज्म बढ़ते ही टैरेज्मि खत्म होने लगता है।
अकेला कुरुक्षेत्र ही ऐसा है, जहां से पूरा हरियाणा संचालित होता है। हरियाणा में ऐसी सरकार का क्या फायदा, जो मुझे यहां घुसने नहीं देगी। हरियाणा में भाजपा सरकार बनी तो इसका सीधा फायदा आपको मिलेगा। 5 साल बाद आप मुझसे भी हिसाब मांग सकते हैं और मेरी हरियाणा सरकार से भी।
कुरुक्षेत्र को बनाएंगे टूरिज्म का हब
कुरुक्षेत्र रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र को टूरिज्म का हब बनाने की बात कही। मोदी ने बताया कि वे अमेरिका गए तो ओबामा से कुरुक्षेत्र की बात की। चीन और जापान के प्रधानमंत्री आए तो कुरुक्षेत्र की बात कही।
मैंने तीनों को गीता भी भेंट की। मोदी ने कहा कि टूरिज्म एक ऐसा क्षेत्र है, जहां कम पैसा लगता है और कमाई ज्यादा होती है। हमारी कमाई होगी, दूसरे देशों की संस्कृति, सभ्यता से मेल जोल।
मोदी ने कहा कि आतंकवाद बांटता है और टूरिज्म जोड़ता है। कुरुक्षेत्र को टूरिज्म का हब बनाया गया तो हरियाणा विदेशों से जुड़ेगा। हरियाणा विदेशों से जुड़ेगा तो देश विदेशों से जुड़ेगा। लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
पूर्वजों की विरासत यहां आज भी मौजूद
नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो विरासत हमें दी है, वह आज भी मौजूद है और अपना अस्तित्व बनाए हुए है। आज भी इस विरासत से लोगों को रोजगार मिलता है। ताजमहल हो या एलोरा की गुफाएं, कुरुक्षेत्र का मैदान हो या दिल्ली का लाल किला।
आज भी लोगों को रोजी-रोटी दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि अमेरिका, चीन और जापान ने भारत में लाखों करोड़ रुपयों के निवेश की बात की है। यह पैसा आएगा, कारखाने लगेंगे। सड़कों, रेलों का मार्ग बनेगा। जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा।
मोदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में हम सरस्वती के रास्ते की तलाश कराएंगे। सरस्वती का उद्गम मिला तो कुरुक्षेत्र की धरती फिर हरी होगी। किसानों को पानी मिलेगा और ज्यादा उत्पादन होगा।
हरियाणा में भाजपा सरकार बनना जरूरी
मोदी ने कहा कि लोगों से किए सभी वायदे पूरे होंगे, लेकिन तभी जब भाजपा को हरियाणा में जगह दी जाएगी। अगर लोग किसी दूसरी पार्टी को जगह देंगे तो मुझे हरियाणा में घुसने नहीं दिया जाएगा। फिर मैं आपसे किए वायदे पूरे नहीं कर पाऊंगा।
कांग्रेस तो सिर्फ अपने परिवार का सोचती है। मुझसे 100 दिन का हिसाब मांगती है, अपने 60 सालों में विकास का रोना रोती है, लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि विकास कहा है। देश आज भी गरीब के दर पर खड़ा है। आज भी युवाओं के पास रोजगार नहीं है। आज भी किसानों के हाल बेहाल हैं। ऐसे में बताइए विकास कहां है? प्रगति कहां है? सुकून की जिंदगी कहां है?
आज पीएम हिसार, कुरुक्षेत्र में करेंगे प्रचार
प्रदेश में चुनावी रंग गाढ़ा करने और मतदाताओं को रिझाने स्टार प्रचार रण में उतर आए हैं। आने वाले दिनों में कई बड़े नेताओं की सभा होंगी। फिलहाल भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में सोमवार से पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई स्टार प्रचारक सभा करने निकलेंगे।
इनमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व क्रिकेटर और भाजपा नेता नवजोत सिंह सिद्धू और अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी के नाम शामिल हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे नई सब्जी मंडी हिसार में, दोपहर 2 बजे थीम पार्क कुरुक्षेत्र में और शाम 4 बजे दशहरा मैदान फ रीदाबाद में जनसभा करेंगे।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11.30 बजे अटेली, दोपहर 12.30 बजे नांगल चौधरी, दोपहर 2 बजे बादशाहपुर और शाम 3.30 बजे बादली में चुनावी सभा करेंगे।
वहीं, दिल्ली से सांसद और फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी सोमवार को दोपहर 12 बजे पंचकूला, डेढ़ बजे यमुनानगर, तीन बजे करनाल और शाम चार बजे पानीपत में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।
हिसार में 27 मिनट भाषण देंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह भाजपा के पक्ष में प्रचार करने के लिए रैली को संबोधित करेंगे। वे 10 बजकर 50 मिनट पर हिसार एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
वहां से करीब चार से पांच मिनट में मिल गेट सड़क मार्ग से होते हुए मोदी नई सब्जी मंडी स्थित रैली स्थल पहुंचेंगे। भाषण के बाद ठीक 11 बजकर 50 मिनट पर पीएम रैली स्थल से रवाना होकर आगे कुरुक्षेत्र के लिए प्रस्थान करेंगे। वे हिसार में करीब 27 मिनट तक भाषण देंगे।
स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जाएंगे आठ लोग
प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार हिसार पहुंच रहे नरेंद्र मोदी के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सबसे पहले उनका हवाई अड्डे पर स्वागत होगा। मोदी का विशेष हवाई जहाज करीब 10 बजकर 50 मिनट पर एयरपोर्ट पर उतरेगा।
बीजेपी नेताओं ने बताया है कि हवाई अड्डे पर पीएम के विशेष स्वागत के लिए आठ वीआईपी सदस्य पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री जब रैली स्थल पर पहुंच जाएंगे तो 25 वीआईपी लोगों की टीम उनका स्वागत करेगी।
मोदी के साथ मुख्य स्टेज पर बैठेंगे 20 नेता
पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मुख्य स्टेज पर हिसार लोकसभा क्षेत्र के 9 प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु, डॉ. कमल गुप्ता, कर्ण सिंह राणौलिया, सीमा गैबीपुर, सुरेंद्र पूनिया, मास्टर हरि सिंह, छतरपाल, प्रेमलता और विशंभर वाल्मीकि बैठेंगे।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्याण, हरियाणा चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार, रैली संयोजक सुभाष गोयकां व रवि सैनी, प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा, बीरेंद्र डूमरखां, प्रवीन जैन और मंदीप मलिक सहित 11 बीजेपी पदाधिकारी इस स्टेज पर बैठेंगे।
10 हजार कुर्सी, 2 लाख लोगों के बैठने का प्रबंध
रैली स्थल में विशेष लोगों के बैठने के लिए 10 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा एक बड़ा सा टेंट लगाया गया है जिसमें 2 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली में आई पब्लिक को मोदी का भाषण सुनने और उनकी झलक पाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रैली स्थल पर बड़ी-बड़ी कई एलसीडी लगाई जाएंगी।
रैली में मोदी के लिए होंगे चार स्टेज
रैली में कुल चार स्टेज लगेंगे। मुख्य स्टेज पर पीएम व उनके साथ 20 नेता बैठेंगे। इसके अलावा दूसरे स्टेज पर प्रदेशस्तरीय नेता बैठेंगे। तीसरे स्टेज पर हिसार के साथ-साथ अन्य जगह के नेता बैठेंगे। चौथा स्टेज मीडिया कर्मियों के लिए होगा।
मैटल डिटेक्टर से गुजरना होगा हर व्यक्ति को
रैली स्थल के अंदर जाने वाले हर व्यक्ति को मैटल डिटेक्टर से गुजरना होगा। इसके अलावा मंच के आगे जगह खाली रखने के लिए एक सेफ्टी डी बनाई गई है। यह एक तरह से सुरक्षा घेरा होगा जिसके चारों तरफ पुलिस बल तैनात रहेगा।
रैली क्षेत्र में 10 नाके, घोड़ा पुलिस करेगी गश्त
पुलिस पीआरओ चंद्रभान ने बताया कि रैली स्थल के आसपास 10 नाके लगाए जाएंगे। किसी भी व्हिकल को बिना चेकिंग के नहीं गुजरने दिया जाएगा। घोड़ा पुलिस भी गश्त करेगी। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रहेगी।
आसपास के घरों पर भी रहेगी पुलिस बल तैनात
पीएम की कड़ी सुरक्षा के लिए सब्जी मंडी के आसपास के घरों की छत पर भी पुलिस बल तैनात किए जाएगा। ऊंची बिल्डिंगों पर पुलिस निगरानी के लिए तैनात रहेगी।
प्रधानमंत्री के स्वागत में सज गया हिसार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को होने वाली रैली के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मोदी पहली बार हिसार आ रहे हैं। वे 11 बजे हिसार पहुंचेंगे। मोदी की सुरक्षा के लिए शहर भर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
सुरक्षा में कहीं किसी प्रकार की चूक न हो इसके लिए हिसार रेंज के अंदर आने वाले दूसरे जिलों से भी पुलिस कर्मचारी बुलाए गए हैं। रैली स्थल एवं मौदी की रैली के लिए आठ आईपीएस सुरक्षा की कमान संभालेंगे। उनके बाद 20 डीएसपी तैनात किए गए हैं।
इन अधिकारियों के दिशा-निर्देश में विभिन्न जिलों के 27 इंस्पेक्टर सहित 1521 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा में लगेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 50 ट्रैफिक पुलिस स्टाफ व महिलाओं के लिए 95 लेडी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार हिसार आ रहे हैं।
भाजपा अपने दम पर शुद्ध सरकार बनाएगी
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का कहना है कि हरियाणा में भाजपा अपने दम पर शुद्ध सरकार बनाएगी। अब तक भाजपा ने दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा है, यह ऐसा पहला चुनाव है जिसे पार्टी प्रदेश की सभी 90 सीटों पर लड़ रही है।
सुषमा की बहन डा. वंदना शर्मा सफीदों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार है। यहां से भाजपा कभी जीत नहीं पाई है। सुषमा ने कहा कि सफीदो का जायज हिस्सा तो मिलेगा ही, पर वंदना मेरी बहन है। मुझसे लड़-भिड़कर आपके लिए ज्यादा भी ले जाएगी। कहने को बहन है मगर है मेरी बेटियों जैसी। मुझसे 11 बरस छोटी है।
भाजपा का मिशन 50 प्लस पूरा होगा
सुषमा ने विश्वास जताया कि लोकसभा चुनावों की भांति यहां की जनता भी भाजपा के मिशन 50 को भी पार कर देगी। सुषमा स्वराज रविवार को सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
सुषमा स्वराज ने कहा कि अब तक हरियाणा में जितनी भी सरकारें बनी हैं, उन्होंने गुंडागर्दी फैलाने का काम किया है। हरियाणा में भेदभाव की राजनीति की जाती रही है।
विकास के मामले में केवल रोहतक में ही विकास हुए हैं, जबकि प्रदेश के अन्य जिले विकास कार्यों में पिछड़े हैं। पिछड़ों में जींद का शहर सफीदों भी शामिल है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां की जनता को विनम्र शासन और स्वच्छ प्रशासन दिया जाएगा।
भाजपा के बजट में हर वर्ग का ध्यान
सुषमा स्वराज ने कहा कि आने वाले समय में राष्ट्र का प्रत्येक मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। सुषमा ने कहा कि भाजपा ने बजट तैयार कर लिया है। उसमें प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद बुजुर्गों व विधवा महिलाओं को दो हजार रुपये बुढ़ापा पेंशन, लड़कियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक बस में सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाएंगे।
12वीं पास बेरोजगारों को छह हजार और बीए पास बेरोजगार युवाओं को नौ हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। इस अवसर पर सांसद रमेश कौशिक, राष्ट्रीय नेता सुनील भराला, भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश पहल, अमरपाल राणा, रविंद्र आर्य मौजूद थे।
भाजपा झूठ बोलकर सत्ता हथियाने की फिराक में
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी है कि प्रदेश की वृद्वावस्था सम्मान राशि की तरह भाजपा शासित आठ राज्यों में उससे आधी पेंशन देने का निर्णय करें तो देश के 40 लाख बुजुर्गों के जीवन में अच्छे दिन आएंगे। वे कांग्रेस प्रत्याशी रणबीर सिंह महेंद्रा के पक्ष में झोझूकलां में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार के दस वर्ष के शासनकाल में हरियाणा प्रदेश रोजगार विकास व कृषि के अलावा शिक्षा व खेलों में अग्रणी राज्य बना है। गुजरात माडल का नारा देने वाले भाजपा नेता केवल झूठ बोलकर सत्ता हथियाने की फिराक में हैं।
चौटाला भी झूठ बोल कर सत्ता की फिराक में
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा व चौटाला केवल झूठ बोल कर सत्ता पाना चाह रहे हैं। चौटाला कभी जेल में शपथ लेने तो कभी जेल में विधानसभा चलाने का झूठा सपना ले रहे हैं जिसे प्रदेश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस प्रत्याशी रणबीर सिंह महेंद्रा ने कहा कि वे ऊसूल पसंद राजनीति करना चाहते हैं और वोट के लिए झूठ नहीं बोलेंगे।
रैली को सीएम के पूर्व राजनैतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र सिंह अलावा युकां नेता अनिरुद्ध चौधरी, केश कला बोर्ड के चेयरमैन योगेंद्र योगी, राजसिंह जाखड़, राजू मान, रविंद्र सांगवान, प्रीतम बलाली, कांग्रेस अध्यक्ष कृष्ण बेरला, छात्रनेता विजय मोटू आदि मौजूद थे।
हाईफाई का युग, वाईफाई-सफाई दोनों चाहिए
मोदी ने कहा कि हाईफाई का युग है तो वाईफाई भी चाहिए और सफाई भी। कांग्रेस लोगों को, किसानों को गुमराह कर रही है। 60 साल से किसानों को कह रही कि बिजली, पानी देंगे, लेकिन आज तक भी दे नहीं पाई।
भाजपा को देखिए, सरकार बनाते ही प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना लागू कर दी। इसके तहत हम गांव-गांव तक, खेत-खेत तक बिजली, पानी पहुंचाएंगे। मोदी ने कहा कि किसान सुखी होगा तो गांव सुखी होगा। गांव सुखी होगा तो देख सुखी होगा। हमारी सरकार देश के हर किसान को हर जरूरतमंद सुविधा उपलब्ध कराएगी। ये मेरा सभी किसानों से वायदा है।