मनीमाजरा। मौली गांव में नाले के पास सरकारी जमीन पर लोगों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए गई नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। नगर निगम रोड विंग के सुपरवाइजर सोहन सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर बाद उनको सूचना मिली कि मौली गांव की सरकारी जमीन पर कुछ लोग अतिक्रमण कर अपना मकान बना रहे हैं। इसके बाद वह एसडीओ के निर्देशानुसार वहां अपनी टीम लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। उनका कहना है कि जैसे ही उनकी टीम वहां की बन रही मकान की चारदीवारी आदि को गिराने लगी तो एक व्यक्ति ने आकर पहले उनको दबोच लिया, उसके बाद एक अन्य व्यक्ति उन पर गड़ासी पकड़कर हमला करने लगा। सोहन सिंह का कहना है कि बीचबचाव में मजदूर आ गए अन्यथा लोग उनके साथ बुरी तरह मारपीट करते। सोहन सिंह ने बताया कि वह किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे हैं और जाकर उन्होंने मामले की सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी थी।
उधर, बिल्डिंग ब्रांच के एसडीओ बलराज छिकारा ने कहा कि शाम को सूचना मिलने के बाद उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी एडिशनल कमिश्नर को दी है। उनका कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने गए सरकारी कर्मचारियों पर इस तरह हमला करने की शिकायत कल पुलिस को देकर हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। एसडीओ बलराज शिकारा ने बताया कि दो साल पहले भी इसी जगह पर लोगों द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे को उन्होंने पुलिस टीम के साथ जाकर हटाया था, लेकिन अब लोग लॉकडाउन का फायदा उठाकर दोबारा फिर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, जोकि सरासर गलत और गैरकानूनी है।