धूरी उपचुनाव: दिग्गज नेताओं के जुबानी हमले तेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूजियां नूं धोखेबाज कहण तों पहलां बादल आपणी पीढ़ी थल्ले सोटा फेर लैण। यह कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का जो मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा धूरी उपचुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस और साझा मोर्चा पर पंजाब को धोखा देने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि न तो कांग्रेस पार्टी ने पंजाब को धोखा दिया और न ही बरनाला परिवार ने।
धोखा देने में बादल परिवार अव्वल है। बुधवार को हलका धूरी के विभिन्न गांवों ढोगल, भुल्लरहेड़ी, भलवान सहित अन्य गांवों में कांग्रेस और साझा मोरचा के प्रत्याशी सिमर प्रताप सिंह बरनाला का चुनाव प्रचार करते कैप्टन ने बादल सरकार पर कई गंभीर आरोप जड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बादल सिर्फ अपना अस्तित्व बचाने के लिए लोगों को धोखा दे रहे हैं।
बादल ने दिल्ली को खुश करने के लिए हरियाणा को ज्यादा पानी देते हुए राज्य के हितों के साथ सौदा कर दिया, जबकि पंजाब के पास अपने लिए ही पानी नहीं है। एक तरफ बादल दावा करते हैं कि पंजाब की एक बूंद पानी किसी को नहीं दी जाएगी, जबकि इनकी सरकार ने पहले ही हरियाणा को ज्यादा पानी देने के लिए खनौरी स्थित भाखड़ा मेन लाइन नहर के किनारे ऊपर उठा दिए हैं।
साझा मोर्चा के प्रत्याशी को जिताने की अपील की
कैप्टन ने लोगों से अपील की कि वे साझा मोर्चा के प्रत्याशी को जीत दिलाएं। मुख्यमंत्री बादल की सोच अपने परिवार से शुरू होकर उसी पर खत्म होती है। कैप्टन ने बादल परिवार द्वारा होटल, ट्रांसपोर्ट तथा अन्य बिजनैसों के जरिए ज्यादा कमाई करने का आरोप भी लगाया।
प्रदेश में बढ़ रहे नशों का जिक्र करते कैप्टन ने कहा कि पंजाब का शायद ही कोई ऐसा गांव बचा होगा, जहां नशाखोरी की समस्या नहीं बनी हो। कैप्टन ने केंद्र सरकार पर बरसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के दौरान जो बड़े वादे किए थे, उनमें से एक को भी पूरा नहीं किया।
अकाली दल अपनी हार से बौखलाहट में
कांग्रेस और साझा मोर्चा के प्रत्याशी सिमरप्रताप सिंह बरनाला के चुनाव प्रचार में पहुंची पूर्व केंद्रीय मंत्री व पटियाला से विधायक परनीत कौर ने कहा कि यदि अकालियों ने हलका धूरी में कोई विकास कार्य किया होता तो उन्हें सारी मशीनरी, विधायक, सांसद, मंत्री व राज्यभर से वर्कर यहां प्रचार करने करने के लिए बुलाने की जरूरत नहीं पड़ती।
इससे साफ पता चलता है कि अकाली दल अपनी हार से बौखलाहट में है। साझा मोरचा के प्रत्याशी सिमरप्रताप सिंह ने हलके के लोगों को उनके परिवार के रिश्तों को याद करते वादा किया कि वे लोगों की सेवा के लिए हर मुमकिन प्रयत्न करेंगे।
आठ साल में क्या किया
विपक्ष के नेता सुनील जाखड़ ने बादल सरकार से सवाल किया कि उन्होंने इन आठ साल के कार्यकाल दौरान पंजाब के लिए क्या किया है? मुख्यमंत्री बादल और उनके मंत्री दूसरों पर धोखा देने का आरोप लगाना जानते हैं जबकि हकीकत में इन्होंने ही पंजाब की पीठ में छुरा घोंपा है।
लोंगोवाल की जीत से होगा विकास
पिछले कई दिन से चुनाव प्रचार से नदारद रही शिअद की सहयोगी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के प्रचार अंतिम चरण में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी है। बुधवार को धूरी पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने शिअद प्रत्याशी के पक्ष में हलके के कई गांवों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
गांव हसनपुर में कमल शर्मा ने कहा कि हलका धूरी के लोगों के पास यह सुनहरी अवसर है कि वे पार्टी प्रत्याशी गोबिंद सिंह लोंगोवाल को जीत दिलाकर विधानसभा भेजें, ताकि सर्वपक्षीय विकास हो सके।
उन्होंने जनसभाओं में मौजूद लोगों को विश्वास दिलाया कि पार्टी प्रत्याशी गोबिंद सिंह लोंगोवाल जीत के बाद लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और हलके के लोगों के सुख दुख में पारिवारिक सदस्यों की तरह शामिल होंगे।
प्रदेश सरकार राज्य के विकास के लिए दिन-रात एक किए हुए है। कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते कमल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों की वजह से कांग्रेस पार्टी का देशभर में आधार समाप्त हो चुका है और पंजाब में भी 11 अप्रैल को इस पार्टी का भोग पड़ जाएगा।