{"_id":"2ef5c8e5d24fce564d5159d1191b8947","slug":"mobile-app-for-water-bill-submission-for-haryana-public-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ध्यान दें, अब मोबाइल ऐप से भरें पानी-सीवरेज के बिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ध्यान दें, अब मोबाइल ऐप से भरें पानी-सीवरेज के बिल
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Thu, 18 Feb 2016 01:07 PM IST
विज्ञापन
हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में सभी अकाउंट्स ऑनलाइन करने का काम पूरा होने जाने से अब विभाग का कोई भी एसडीओ हाथ से कैश बुक नहीं लिखेगा। यह काम अब ऑनलाइन होगा। विभाग के मंत्री घनश्याम सर्राफ ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर 19 फरवरी को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में इंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) सिस्टम की लांचिंग करेंगे।
विज्ञापन
इसके अलावा सीवरेज व पेयजल के बिल ऑनलाइन भरने के लिए एक मोबाइल ऐप की भी शुरुआत करेंगे। सर्राफ ने बताया कि ईआरपी सिस्टम एक ऑनलाइन सिस्टम है, जिसके माध्यम से विभाग के बिल भरने, टेंडर जमा करने, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स, पानी के टैंकों में जल की स्थिति और पानी के फिल्टरों की मॉनिटरिंग, पानी टेस्टिंग की लैब से लेकर पत्रों एवं फाइलों की डायरी और डिस्पैच प्रक्रिया को भी ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि यह नया ऑनलाइन सिस्टम जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्य में मील का पत्थर साबित होगा। इससे जहां विभाग के काम में तेजी आएगी, वहीं पारदर्शिता भी आएगी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि अब विभाग में ज्यादातर काम ऑनलाइन हो जाने से कोई भी नागरिक विभाग की वेबसाइट पर जाकर अपने गांव या शहर में चल रहे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के काम की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
विज्ञापन
लोग अब यह भी वेबसाइट से जान सकेंगे कि कौन-सा काम किस ठेकेदार को दिया गया है और यह काम कब तक पूरा होगा। उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग ने सभी अकाउंट्स का ऑनलाइन का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया है। इससे हर महीने अकाउंट्स को बनाना और जमा करवाना आसान हो गया है।
सर्राफ ने कहा कि अभी तक विभाग पानी-सीवर के बिल जारी करने के लिए रजिस्टर और कैश बुक रसीद का इस्तेमाल करता आ रहा था, परंतु अब ईआरपी सिस्टम से लोग कंप्यूटर या मोबाइल ऐप के जरिए घर या ऑफिस में बैठकर सीवरेज और पानी का बिल ऑनलाइन भर सकेंगे।