23 मार्च शहीद दिवसः भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की याद में लगेगा मेला, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हुसैनीवाला बॉर्डर स्थित शहीदी स्मारक पर हर साल की तरह इस बार भी 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की याद में शहीदी मेला आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को डिप्टी कमिश्नर चंद्र गैंद ने हुसैनीवाला बॉर्डर पहुंच कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। हुसैनीवाला बॉर्डर भारत-पाक सीमा पर स्थित है।
डिप्टी कमिश्नर चंद्र गैंद ने बताया कि 23 मार्च को फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन और सिटी रेलवे स्टेशन से लोगों की सुविधा के लिए सुबह 9 से शाम 6 बजे तक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। दिनभर में 12 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। छह ट्रेनें हुसैनीवाला बॉर्डर जाएंगी और छह उधर से शहर की तरफ वापस आएंगी। इन ट्रेनों में लोग आसानी से मेला स्थल तक पहुंच सकते हैं।
इसी तरह पंजाब रोडवेज के जीएम को फिरोजपुर कैंट और सिटी से स्पेशल बसों का इंतजाम करने को कहा है। ये बसें मेले जाने वाले लोगों के लिए खास तौर पर चलाई जाएंगी। पीडब्ल्यूडी और पुलिस विभाग की तरफ से मेला स्थल के नजदीक अस्थायी पार्किंग तैयार की जाएगी।
इसी तरह मेला स्थल पर एक कंट्रोल रूम तैयार किया जाएगा, जिसमें टेलीफोन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यहां पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और दवाओं की भी व्यवस्था रहेगी। मेले वाले दिन सतलुज नदी में नहाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। निगरानी और बचाव कार्यों के लिए 10 गोताखोर तैनात किए जाएंगे। लोगों को पीने का पानी मुहैया करवाने के लिए पानी के 8 टैंकर मौजूद रहेंगे।
दस शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी। हुसैनीवाला आने वाले लोगों को सतलुज दरिया पर बने पुल से ही देशभक्ति के गीत सुनने को मिलेंगे। जिसके लिए पुल के दोनों तरफ स्पीकर लगाए जाएंगे।
खेतीबाड़ी विभाग, सेहत व परिवार भलाई विभाग, पशुपालन विभाग, बागबानी विभाग, मार्कफेड, जंगलात विभाग, मिल्कफेड, लीड बैंक, उद्योग विभाग, बचत विभाग, पशुपालन विभाग को अपने-अपने विभागों के कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी स्टाल लगाने का निर्देश भी दिया है। डीआरएम कार्यालय की तरफ से हुसैनीवाला रेलवे स्टेशन के इतिहास को लेकर बोर्ड लगाया जाएगा। इस स्टेशन से लाहौर व पेशावर के लिए ट्रेनें चला करती थी। उस समय की ट्रेनों और स्टेशन की व्यवस्था को दिखाता एक बड़ा होर्डिंग यहां पर लगाया जाएगा।