{"_id":"90d58850acbaabe138a65bf5689708c1","slug":"mba-student-killed-from-dengue-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"डेंगू ने छीनीं तीसरी जिंदगी, एमबीए छात्रा की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डेंगू ने छीनीं तीसरी जिंदगी, एमबीए छात्रा की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, फगवाड़ा(पंजाब)
Updated Thu, 24 Sep 2015 10:39 PM IST
विज्ञापन
पंजाब के फगवाड़ा में बसंत नगर की एमबीए छात्रा की जालंधर के निजी अस्पताल में मौत हो गई। उसे डेंगू की पुष्टि के बाद करीब 5-6 दिन जालंधर ले जाया गया था। इसके साथ ही क्षेत्र में डेंगू से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है।
विज्ञापन
छात्रा की पहचान मीनू पुत्री शिवम के रूप में हुई है। मीनू जीएनएआईएमटी में एमबीए तीसरे साल की छात्रा थी। वहीं सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मौत संबंधी रिपोर्ट्स आने से पहले पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
विज्ञापन
वीरवार सुबह जैसे ही छात्रा की मौत की खबर फैली तो पूर्व मंत्री व पीपीसीसी महासचिव जोगिंदर सिंह मान, कांग्रेसी नेता बलबीर राजा सोढी, बसपा के पूर्व महासचिव जरनैल नंगल, कांग्रेस देहाती के अध्यक्ष दलजीत राजू दरवेश पिंड साथियों समेत प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और एक अकाली नेता के घर बैठकर रोष प्रदर्शन की योजना बनाई।
विज्ञापन
विपक्षी नेता जब धरना देने के लिए निकले तो क्षेत्र के दौरे पर निकले मेयर अरुण खोसला और निगम कमिश्नर इकबाल सिंह संधु के साथ उनका सामना हो गया। विपक्षियों ने मेयर को घेरकर नारेबाजी की।
छात्रा की मौत से नाराज लोगों ने निगम कांप्लेक्स में कमिश्नर कार्यालय के सामने करीब साढे़ तीन घंटे धरना भी दिया। धरनाकारियों ने निगम प्रशासन, सेहत विभाग, सीपीएस सोम प्रकाश और मेयर के खिलाफ नारेबाजी की। निगम प्रशासन काफी देर तक उनको मनाने की कोशिश करता रहा पर नाकामयाब रहा। इसके बाद निगम कमिश्नर इकबाल सिंह संधू ने उनसे बातचीत की। धरनाकारियों ने उन्हें एक मांग पत्र दिया।
इसमें मृतकों को परिवारों को दस लाख रुपये मुआवजा देने, पीड़ितों का इलाज फ्री करवाने, सिविल अस्पताल में सुपर स्पेशलिस्ट सुविधाएं प्रदान करने के अलावा प्रभावित बसंत नगर के विकास के लिए हाईकोर्ट के निर्देश पर पंजाब सरकार द्वारा जारी दो करोड़ 43 लाख रुपये तुरंत रिलीज कर विकास कार्य शुरू करवाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर विचार न हुआ तो वे संघर्ष तेज कर देंगे।
मेयर अरुण खोसला ने बताया कि क्षेत्र में निगम की तरफ से साफ सफाई तथा सेहत विभाग की सहायता से दवाओं और प्राथमिक सेहत सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। वीरवार को भी सिविल अस्पताल के एमओ डॉ. राजिंदर कुमार की अगुवाई में विशेष कैंप लगाकर जरूरतमंदों को दवाई दी गई।
मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर सिंह वालिया, कमिश्नर इकबाल सिंह संधु, पार्षद सर्बजीत कौर, अनुराग मानखंड, परमजीत सिंह खुराना ने छात्रा के परिवार के साथ हमदर्दी जताई।