मकसूदां थाना ब्लास्टः आमिर नाजिर के जरिए आंतकी मूसा तक पहुंचेगी एनआईए, मामले की है अहम कड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले साल जालंधर के मकसूदां थाने पर ग्रेनेड फेंककर हमला करने वाले आतंकियों का सरगना आमिर एनआईए के हत्थे चढ़ गया है। लेकिन एनआईए का मुख्य टारगेट जाकिर मूसा है। मूसा घाटी में सक्रिय है और आतंकी संगठन अंसार गजवा-तूल- हिंद का सरगना है। आमिर ही जाकिर मूसा और जालंधर में पढ़ने वाले कश्मीरी विद्यार्थियों के बीच मुख्य कड़ी था।
मकसूदां पुलिस थाने में ग्रेनेड फेंक धमाका करवाने वाले जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी संगठन अंसार गजवा-तूल-हिंद के आतंकी जाकिर मूसा के राइट हैंड आमिर नाजिर मीर को एनआईए ने पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) के अवंतीपुरा से बुधवार को ही गिरफ्तार किया था। एनआईए की जांच में सामने आया कि आमिर ने ही आतंकी मूसा के कहने पर थाने में धमाका करने के लिए हैंड ग्रेनेड पहुंचाए थे।
मकसूदां थाने में ग्रेनेड फेंकने की वारदात में पुलिस ने दो कश्मीरी बीटेक छात्र शाहिद कयूम और फाजिल बशीर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने बताया कि इन दोनों ने कश्मीरी आतंकी रऊफ अहमद उर्फ रौफ और मीर उमर रमजान उर्फ गाजी के साथ मिलकर थाने पर ग्रेनेड फेंके थे।
इस अटैक के बाद रौफ और गाजी कश्मीर भाग गए थे। थाने में धमाके करने की साजिश जाकिर रशीद भट्ट उर्फ जाकिर मूसा और उसके राइट हैंड आमिर जलाल ने रची थी। पिछले साल 22 दिसंबर को रौफ और गाजी को जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने अवंतीपुरा में ढेर कर दिया था। पंजाब पुलिस ने मामले को एनआईए को सौंप दिया था और इस केस में सिर्फ दो लोग ही वांछित थे, जिसमें एक आमिर और दूसरा जाकिर मूसा है।
आमिर ही जाकिर के लिए उत्तर भारत में अपना नेटवर्क मजबूत कर रहा था। संगठन ने अपनी उपस्थिति दिखाने के लिए पंजाब में हथियार भेजने का सिलसिला शुरू कर दिया था। अब आमिर एनआईए के हत्थे चढ़ गया है। जिसके जरिए अब एनआईए जाकिर मूसा की तलाश कर रही है। उसके बारे में एनआईए को कई पुख्ता सूचनाएं मिल रही हैं। बता दें कि गिरफ्तार आरोपी आमिर को गुरुवार को मोहाली की अदालत में पेश किया गया।