सोनू हत्याकांड: भुप्पी राणा गैंग का नाम आया सामने, पुलिस टीमें पंजाब-हरियाणा रवाना, कई खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनू शाह हत्याकांड में पुलिस का शक गैंगस्टर भुप्पी राणा गैंग पर गहरा गया है। साल 2017 में पंचकूला के सकेतड़ी में हुए अमित शर्मा उर्फ मीत हत्याकांड में सोनू शाह का भी नाम सामने आया था। भुप्पी राणा और अमित शर्मा उर्फ मीत में अच्छी बनती थी। कई मामलों में दोनों ने एक दूसरे का साथ दिया था, इसलिए पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
वहीं, लॉरेंस बिश्नोई के राइट हैंड संपत नेहरा पर भी पुलिस को शक है। कुछ दिन पहले सोनू और संपत के गुर्गों के बीच बहस भी हुई थी। दूसरी तरफ पुलिस ने तीन हत्यारों को बुड़ैल के एक होटल में पनाह देने वाले मैनेजर को हिरासत में लिया है। पुलिस देर रात तक मैनेजर से पूछताछ करने में जुटी हुई थी ताकि यह पता चल सके कि तीनों आरोपी उसके होटल में कितने दिन से ठहरे हुए थे।
सूत्रों अनुसार पुलिस टीम की शुरुआती जांच में हत्यारे गैंगस्टर भुप्पी राणा के गैंग के गुर्गें हैं। पुलिस टीम अब आरोपियों को दबोचने के लिए हरियाणा और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में रवाना हो गई है। वहीं रविवार को सोनू शाह के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सोनू को .32 और .30 बोर की पिस्टल से दस गोलियां मारी गईं थीं। उधर, सोनू के साथी जोगिंदर का पीजीआई जबकि रोमी का इलाज जीएमसीएच-32 में चल रहा है।
आरोपियों के बारे में सुराग लगाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने कई टीम गठित की है। पुलिस टीम बुड़ैल में कुछ संदिग्धों से भी इस मामले में पूछताछ में जुटी हुई है। साथ ही पुलिस सोनू के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में दर्ज केस को भी खंगाल कर देख रही है कि कहीं इसी के रंजिश चलते उसकी हत्या तो नहीं हुई है।
इसके अलावा पुलिस पिछले दो महीने में सोनू की किन-किन लोगों से लड़ाई हुई है, इसके बारे में भी पता कर रही है। रविवार को पुलिस ने जीएमसीएच-32 में सोनू के पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद देर शाम को सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
स्विफ्ट कार चोरी और लूट की डिटेल
सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद टैक्सी नंबर स्विफ्ट कार से फरार हुए थे। ऐसे में पुलिस आशंका जता रही है कि आरोपियों ने यह कार या तो कहीं से चोरी की होगी या फिर लूटी होगी। इसके चलते पुलिस टीम पंजाब व हरियाणा से कार चोरी और लूट का डाटा कलेक्ट करने में जुटी हुई है। साथ ही पुलिस सोनू के प्रॉपर्टी डीलिंग, फाइनेंस समेत अन्य बिजनेस को भी खंगाल रही है ताकि कुछ सुराग लग सके।
सोनू की खंगाली गई कॉल डिटेल
पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाते हुए वारदात स्थल से मोबाइल डंप डाटा उठा लिया है। इसके अलावा सोनू के मोबाइल की भी कॉल डिटेल जुटाई। पुलिस पता लगाने में जुटी हुई है कि सोनू के मोबाइल नंबर पर किन-किन लोगों की कॉल आई और किन से संपर्क में रहा। वहीं वारदात स्थल से पुलिस को कुल 14 खोखे बरामद हुए थे।
लॉरेंस की फेसबुक आईडी भी खंगालने में जुटी पुलिस
बीते 17 सितंबर को व्हॉटसएप कॉलिंग पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई बताकर सेक्टर-26 स्थित बुलेवार्ड डिस्क के मालिक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। अब सोनू शाह की हत्या की जिम्मेदारी भी लॉरेंस ने ली है। पुलिस अब लॉरेंस के फेसबुक अकाउंट को खंगालने में जुटी हुई है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।