पंजाबः हादसों में ननद-भाभी समेत छह लोगों की गई जान, पांच हुए घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की जान चली गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। तरनतारन में हुए सड़क हादसे में ननद-भाभी की मौत हो गई तो वहीं पठानकोट में थानेदार की जान चली गई।
दो कारों की भिड़ंत, ननद-भाभी की मौत
दो कारों की रविवार की शाम को आमने-सामने हुई टक्कर में ननद-भाभी की मौत हो गई। चार लोग हादसे में घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना सदर तरनतारन पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। तरनतारन के गांव चंबल निवासी हरपाल सिंह अपनी बहन कुलजीत कौर (26) और भाभी कुलदीप कौर समेत छह माह की बच्ची के साथ आल्टो कार से तरनतारन के गांव चंबल आ रहे थे।
जब वे तरनतारन के बठिंडा नेशनल हाईवे-54 के गांव अलादीनपुर के पास पहुंचे तो हरिके वाली साइड से तेज रफ्तार आ रही स्विफ्ट कार का अचानक टायर फट गया। कार हाईवे के दूसरी ओर जा टकराई। कार को कुलजिंदर सिंह नामक व्यक्ति चला रहा था। दोनों कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में आल्टो कार में सवार कुलजीत कौर (ननद) और कुलदीप कौर (भाभी) की मौके पर मौत हो गई।
हरपाल सिंह और उसकी छह माह की बच्ची घायल हो गई। उधर, स्विफ्ट कार चालक कुलजिंदर सिंह, उसकी मां और एक महिला रिश्तेदार मामूली घायल हो गए। थाना सदर तरनतारन के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि शवों को श्री गुरुनानक देव अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। हादसे के संबंध में मृतकों के परिवार के बयान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिरोजपुरः बाइक सवार की मौत
थाना सदर जीरा के गांव बहक गुजरां के पास बाइक और कार की भिड़ंत में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। कार सवार वहां से फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक खरेत के बेटे प्रेम कुमार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पिता बाइक पर गांव लौट रहे थे।
जैसे ही वह गांव बहक गुजरां के सरकारी स्कूल के पास पहुंचे एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसका पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय अस्पताल ने नाजुक हालत देख उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, हादसे की जांच कर रहे एएसआई दिलबाग सिंह के मुताबिक मृतक के बेटे प्रेम कुमार के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पटियालाः सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा घायल
कार-मोटरसाइकिल की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। थाना सदर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अज्ञात कार चालक खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
अस्पताल में उपचाराधीन युवक बूटा सिंह निवासी गांव सलेमपुर जट्टां ने पुलिस के पास बयान दिया है कि वह अपने बुजुर्ग पिता निर्मल सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव मर्दांहेड़ी के पास से जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए मोटरसाइकिल में टक्कर मारी।
इस हादसे में पिता-बेटा बुरी तरह से घायल हो गए। बुजुर्ग निर्मल सिंह की तो बाद में उपचार के दौरान सेक्टर-32 चंडीगढ़ के अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत स्थिर है। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
फरीदकोटः वाहन की टक्कर से एक की मौत
स्थानीय पक्खी कलां में वाहन की टक्कर के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान फरीदकोट निवासी प्रेम चंद के रूप में हुई। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में भान सिंह कालोनी निवासी बलविंदर सिंह ने बताया कि उसका दोस्त प्रेम चंद, पक्खी कलां स्थित शीतल रिसोर्ट में विवाह पार्टी में भाग लेने आया था जहां पर अज्ञात चालक ने तेज रफ्तार वाहन से उसे टक्कर मार दी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
गुरदासपुरः वाहन की चपेट में आने से थानेदार की मौत
वाहन की चपेट में आने से पठानकोट जीआरपी के थानेदार की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन से फरार होने में कामयाब रहा। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। मृतक की गाड़ी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि सुखविंदर सिंह जीआरपी पठानकोट में एएसआई के पद पर तैनात है। जो श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव में ड्यूटी देने के लिए पठानकोट से वाया बाईपास डेरा बाबा नानक जा रहे थे।
जैसे ही वह धारीवाल बाईपास के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। जिससे गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई के मुताबिक सुखविंदर सिंह का एक दस वर्षीय बच्चा भी है। उधर, जीआरपी के प्रभारी पंजाब सिंह ने बताया कि मामले संबंधी जांच जारी कर दी गई है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।